Tuesday, 20 March 2012

जिंदगी और बता तेरा इरादा क्या है?


सुख हाथों की पहुँच से दूर नहीं हुआ करता था... दाल में नमक की तरह सुख का स्वाद दिन में कम से कम एक- दो बार तो आ ही जाता... जिंदगी के रंगों से भरपूर .. सुख मामूली चीज़ों में गैर मामूली चमत्कार की तरह मौजूद होता ... लाल रीफिल का पेन ना हुआ अलादीन का चिराग हुआ... छोटे भाई ने यदि ले लिया उसकी जान सूखने लगती ... यह मेरी सारी स्याही खर्च कर देगा... वो बची कापियां भरती रहती फिर पन्नो पर लाल टिक लगाने का सुख, नंबर देने का सुख, अपना नाम लाल स्याही में लिखने का सुख... आज बुधवार है साढ़े आठ हो गए हैं... दिल में धुकधुकी... चित्रहार का समय हुआ जाता है... मेरे साथ चल ना पड़ोस में... अकेले शर्म आती है... वो लाल पेन दो मुझे अपना..मरते दिल से एक सुख के बदले दुसरा उसके हवाले .... सरकारी मकान के छोटे से कमरे में ठन्डे फर्श पर बैठ कर दूरदर्शन ज़न्नत की सैर करा देता ... फिर स्कूल में चित्रहार पर चर्चा ...ना देखती तो इस सुख से वंचित रह जाती ना... वो मीठा चूरन और आम पापड़ बेचने वाला, बंद गेट पर पाँव उठा भीड़ में उचक कर... चीभ पर रखो और चटकारे लेने का सुख... बाटा के नए जुते आगे से नोक वाले पीछे से डेढ़ इंच एडी वाले, उन पर सजी वेलवेट की छोटी सी एक बो टाई,  सुबह पहनने के सुख से लबालब बेहद खुशनुमा रात गुजारने का सुख ...पहली बार तवे पर जले- भुने दुनिया के नक़्शे पापा को खिलाने पर फूल कर गुब्बारा हो जाने का सुख, मां वो रोज बरामदे में खड़ा घूरता है .. इस शिकायत का सुख... जिस दिन वो नहीं दिखता सुख उसे ढूंढता है ...

कालेज के हास्टल में, गैर इजाज़त, सर्दी की रात में हीटर पर चाय बनाने का सुख... तुमने धुयाँ उड़ाने का सुख अभी तक नहीं लिया.. लो आज कोशिश तो करो ...... खों... खों...खों..खों... खिड़कियाँ खोलो...दम घुटता है... वार्डन के आफिस के बाहर पिजन होल में नीले लिफ़ाफ़े में बंद सुख... हर सप्ताह तेरे पापा इतना लम्बे ख़त में क्या लिखते है... आँखों में बल्ब की तरह टिमटिमाता सुख.. मां के ब्लाउज को सेफ्टी पिन से कस पहली बार साड़ी पहनने का सुख ... किसी अनजान का हास्टल के गेट पर आ धमकने, चौकीदार से झूठ बोल, उसकी हसरतों की धज्जियाँ उड़ा, सहेलियों के साथ लोटपोट होने का सुख... कालेज सोशल में शाही खाना खाने के बाद , मजनुओं को चकमा दे चौपट हो जाने का सुख... होली वाले दिन हसीनो को पानी से भरे गढे में मिट्टी की साबुन से नहाते देखने का सुख... जनपथ से कौड़ी के भाव खरीदे डिज़ाईनर कपड़े पहनने का सुख, मेस के बावर्ची से आटे, दाल सब्जी की खस्ता हालत पर नोक- झोंक करने सुख... गर्मियों की छुट्टियों में घर लौटने का सुख...मोहल्ले में मां के साथ देख, जानी -अनजानी आँखों में कोतुहल नाचता देखने का सुख , पड़ोस के घर में लम्बा उंचा मेहमान .... बहनजी देवर कह रहा था... भाभी पड़ोस में जानी -पहचानी अच्छी सुशील - सुंदर लड़की थी आपने कभी जिक्र भी नहीं किया...किसी अनजान का अनजाने में दिया हमेशा याद रहने वाला सुख...लोगों की भीड़ में, परदेसी से मुलाक़ात और उसकी आँखों में रात की नींद खो देने का सुख....उसी पल उसके साथ जिंदगी गुजारने का फैसला लेने का सुख...

नन्ही सी जान को नींद में कुनमुनाते -मुस्कुराते देख सातों धाम घूम आने का सुख, पहली कमाई से उसकी मां के लिए सोने के बुँदे खरीदने का सुख, सड़क पर हवा से तेज़ भागती आत्मनिर्भरता का सुख, तिनका-तिनका जोड़ कर बसाए आशियाने में स्टूल पर विराजमान ताजे फूलों की महक का सुख, उसकी तरक्की पर सारे आर्थिक संकट दूर हो जाने सुख, दाल में खूब सारा घी डाल घर आये भाई को गर्म फुल्का खिलाने का सुख, फोन पर मां की आवाज़ सुन सभी गम भुलाने का सुख, अंगुली पकड़ कर चलने वाली का उसके पैरों पर खड़े हो जाने का सुख... परिंदों का छत पर डबल रोटी के टुकड़े बाँट कर खाते देखने का सुख, मौसम की पहली बर्फ से बने स्नोमेन को धारीदार टोपी पहनाने का सुख, एकांत से लिपट कर खुद को ढूंढ लाने का सुख,  चाँद से उतर प्यार का दबे पाँव दिल में दाखिल हो अपना साम्राज्य घोषित करने का सुख, बारिश का खिड़की से धूल साफ़ कर आसमा नजदीक लाने का सुख, खुद को हल्का करने के लिए शब्दों से मिले सहारे का सुख, कच्चे -पक्के शब्दों पर बनवास में धरती के उस छोर मिली बेशकीमती वाह-वाही का सुख ....
 
सुख सिर्फ उस पल का वफादार है जीवन भर का नहीं...वो उम्र के दौर से होकर जिंदगी से गुजर जाएगा ... इन्द्रियों से बुखार की तरह उतर जाएगा है वो दराज में बंद पड़ा किनारों और कोनो से घिस जाएगा...यादों के तहखानो में जंग की तरह खुरदरा हो जाएगा .. मानसून की तरह आकर पतझड़ की तरह झड़ जाएगा... जब कभी लौट कर दस्तक देगा यदि पहले जी लिया होगा तो ज़हन को झंझोरे बिना, आँखों को चुन्धियाये बिना, रगों में दोड़े बिना, होंठों पर सजे बिना, हाथ मिलाये बिना सामने से निकल जाएगा... एक समय आयेगा आँखे सुख को पहचान नहीं पाएंगी और सुख और दुःख की शक्ल एक लगने लगेगी ... मुक्ति का सुख खुली मुठ्ठी में बंद होगा ...सब सुखों के मिट जाने के बाद बस जीवित रहा ... शब्दों के सागर से मोती चुनने का सुख...  

Friday, 16 September 2011

उसे तूफ़ान से डर नहीं लगता पर इंसानों से अभी भी लगता है...

 
अखबार, टी वी, आफिस के कम्पूटर का होम पेज खोलते ही खबर है आज के तूफ़ान की...तूफ़ान का नाम है केटिया! शाम तक यह अपनी चरम सीमा पर पहुँच चुका होगा ऐसा ही कुछः सुना है ... आफिस से लौटते हुए बस स्टाप पर इंतज़ार करते हुए केटिया की चाप सुनी ... हाई स्ट्रीट में दुकानों के ओटोमेटिक डोर खुलते ही ग्राहकों से पहले, पत्तियां और कूड़े दान से उड़ते कचरे की भीड़ भीतर घुस आती, शहर की सड़कों पर चहल -कदमी करती भीड़ हवा को जगह देने के लिए पाँव जमा कर ज़मीन को पकड़ खड़े हो जाते..उनके कपड़े शरीर से अलग होने के लिए एक पल में कई बार आगे-पीछे झूलते झंडे की तरह हवा में लहलहाते ... केटिया तूफ़ान के आने की खबर और सड़कों पर खलबली मचाने से किसी का कोई काम रूका नहीं था ...
"अरे तुम आज भी सैर को जाओगी?...
"क्यों? "
"कोई पेड़ गिर गया तुम पर तो "...
"अच्छा है गिर जाए तुम्हारा मैदान साफ़..". वो बेपरवाह होकर हूडी की जिप बंद करती है ...
"ममी आज भी घुमने जाओगी?" ... उसे जुते पहनते देख टोकती है
"आज क्यों नहीं?" ..
"आप हवा में उड़ गई तो?"
"कितना अच्छा होगा न रसोई में चमचा हिलाने की जगह आकाश में हाथ हिलाउंगी..."
आँखे फाड़े चेहरे से निकले "बी केयरफुल" पर मुस्कान फेंक वह धड़ाम से दरवाज़ा बंद करती है उन्हे कैसे समझाए ...यह ढाई मील की सैर अपने आप से जुड़ने, बात करने, खोजने, संभलने के लिए करती है ... प्रक्रति, प्यार और अपनेआप से मिलने का अपाइंटमेंट है उसका ....सड़क, पेड़, मैदान, घरों की कतारें, गोल्फ कोर्स, पब के बाहर पड़ी बेंच, वर्तमान, भविष्य, अतीत सभी उसका इंतज़ार करते हैं और वह जिसका फोटो चिपका है रोज उसे देखते ही लकड़ी की फेंस के पास आकर खड़ा हो जाता है उसके वियोग में बेचारा चेहरे से कितना उदास दिखता है, पता नहीं किस दिन लकड़ी की फेंस फांद, रास्ता रोक, पीठ पर बिठा, हवा में उड़ा ले जाने की हिम्मत जुटा पायेगा?...
 
आज पेड़ों की आँखों में केटिया का डर नाच रहा है आकाश की और मुह किये, पेंडुलम की तरह झूल रहे हैं हमारी जड़ों को और मजबूती से पकड़ लो, धरती से रहम की भीख मांग रहे हैं, उसके अलावा और कौन समझ सकता है अपनी जड़ों से अलग होने का दर्द..पत्तियों की हालत तो देखो कैसे तड़प कर फड़-फड़  करती हैं केटिया उन्हे महीनो पहले पेड़ से अलग करने पर जो आमदा है .. सड़क और फूटपाथ पर भटकती हुई हवा के वेग के साथ वो हज़ारों की तादात में उसके पैरों से लिपटती है... पेड़ों से बारिश की तरह गिरती है.... आज से पहले हवा की सायं- सायं इतने ऊँचे स्वर में कभी नहीं बोली ... यह सायं -सायं किसी को फोन पर सुनाई जाए ...पर किसको? जिनकी धडकनों में सायं-सायं ऑक्सीजन फूंक सकती हो... वो सब बहुत दूर हैं और वहां आधी रात होगी वो सब सो रहे होंगे... जिनके सिर्फ कानों में शोर की तरह गूंजेगी उन्हे सुनवाने का कोई फायदा नहीं वो सिर्फ उसे खतरों की लिस्ट गिनवायेंगे .... आज तो कहीं कोई कुत्ते घुमाने वाले का भी नामोनिशाँ नहीं ....... तभी उसकी नज़र सामने धीरे - धीरे अलसाती चाल चलते दो यूवकों की पीठ पर पड़ती है जिनके कन्धों पर भारी बेग हैं ...एकाएक उसे औरत और शाम गहरी होने का अहसास होता है ...कहीं वह कार्ड पर चिपकी अपनी फोटो दिखा, पिछले जन्म में मुजरिम होने का परिचय देते हुए, समाज में स्थापित होने की कोशिश में, उसकी मदद मांगेगे ? .. बैग से सामान निकाल कर खरीदने को कहेंगे ...जब पास से गुजरेगी तो उन्हे दिख ही जायेंगे उसके हाथ खाली हैं ...जब भी ऐसे युवा ने घर का दरवाज़ा खटखटाया है  कोई तो उन्हे समाज में बसने, अपने पैरों पर खड़ा होने का मौक़ा दे... इस दलील का जवाब अधिकतर उन्हे नोट पकड़ा गैर जरूरी सामान खरीदने से दिया है ....भले ही घर वालों ने उस पर सड़कों पर घुमने वालों की ड्रग हेबिट को प्रोत्सहान देने की तोहमत लगाई हो ...
यह रास्ते बरसों से उसके भीतर -बाहर का सब जानते है शांत, सुनसान, सकून और मौसम के जादू से भरे उसे अपनी ओर खींचते हैं छ बजते ही इनसे मिलने के लिए वो बैचैन हो जाती है यहाँ चलते हुए कभी असुरक्षित महसूस नहीं किया ....दो पीठ और उसके बीच की दूरी कम होती जा रही है...इन नजदीकियों के बीच उनकी चाल- ढाल और आपस में बात करने के अंदाज़ ने उसकी धडकने तेज़ कर दी है जब वह तेज़ कदमो से पास से गुजरी तो उनमे से एक ने सामने आकर पूछा ... यू स्मोक? डू यू हेव अ लाईट? नो कह कर कदम तेज़ी से आगे बढ़ गए... सड़क के उस सिरे तक पहुंची जहाँ से रोज़ का ढाई मील का चक्कर पूरा करने के लिए दायें मुड़ना था ....उसकी आँखों ने महसूस किया केटिया ने शाम को समय से पहले ही अंघेरे में धकेल दिया है ..आगे रास्ते में लेम्प पोस्ट भी नहीं हैं ....पूर्णिमा की रात होते हुए भी चाँद पर भरोसा करने की दिल इजाजत नहीं देता... सायं - सायं को चीरती हुई ठहाके की आवाज़ आती है ...दिल आगे बढ़ने को रोकता है सरकारी रौशनी अपनी और खींचती है.... भले ही उन दोनों से दोबारा सामना होगा....जैसे पुलिसवाला ख़तरा देख अपने बचाव के लिए कमर पर लगी पिस्तोल को पकड़ सुरक्षित महसूस करता है ...वैसे ही हूडी की जेब में मोबाइल को मुट्ठी में भींच कर वह अपने को भरोसा देती है और कदम वापस मोड़ लेती है .... उसे लौटता देख वह दोनों खड़े हो जाते है उसके पाँव फूटपाथ को छोड़ सड़क पर हैं ... इस बार दुसरा यूवक सड़क पर उतर कर रास्ता रोकता है ..." हेव यू लोस्ट यौर वे? वी केन ड्राप यू इन अवर कार" उसकी नीली आँखों में पता नहीं ऐसा क्या देख उसके कदमो में टर्बो मोटर लग जाती है और घर के दरवाजे पर ही ब्रेक लगता है.... उसे तूफ़ान से डर नहीं लगता पर इंसानों से अभी भी लगता है...
 
दरवाज़ा खुलते ही ... " हाव वाज़ यौर वाक् मम? "
हांफती हुई सांस जवाब देती है "इट वाज़ गुड....जस्ट ऐ बिट स्केयरी "      
 

Friday, 15 April 2011

एक्सपाइरी डेट के बाद भी दूर नहीं होना चाहते ...

वो खुशी में स्फूर्ति से और उदासी में फुर्सत से उसके हम सफ़र रहे हैं उन्होंने देखा है उसे देवदार की कतारों के पीछे किसी को ढूंढते हुए... मैदान में घोड़े को घास से दोस्ती करते हुए... तलवों के छूते ही सूखे पत्तों को चरमरा कर शर्माते हुए, पत्तों का फूटपाथ का घूंघट बनते और निर्लज्ज हवा का सभी के सामने वह घूँघट उघाड़ते हुए... घर लौटते परिंदों को दाने के तलाश की कहानी आसमा को सुनाते हुए... चिमनी से निकलते धुएं की महक को दिल से निकले धुंए से पहचान बढ़ाते  हुए ... जंजीर से मुक्त होने को गर्दन खींचते  अल्सेशियन को देख अपनी खैर बचाते हुए... हाथ में हाथ लिए  झुर्री दार चेहरे की मुस्कान का अभिवंदन करते हुए... नुकीली छतों पर से पिघलती बर्फ का रंग उसके गालों पर लुढ़क आये पानी के रंग से मिलते हुए... घोड़े की कमर पर ऊपर-नीचे उछलती छाया को  टप -टप की आवाज़ के साथ दूर जाते हुए... किसी अजनबी गेट पर गुब्बारों का बार -बार सर हिला उसका स्वागत करते हुए, दोड़ते हुए बहरों के आई पोड्स को जगह देने के लिए सड़क पर उतरते हुए...  जानी-अनजानी आँखों का खेत की बगल में  रोज उसी वक्त मोड़ पर टकराते हुए... परछाई को लम्बी, तिरछी, आड़ी हो झाड़ियों , पगडण्डी,  सड़क, पानी, घास पर से गुजरते हुए....

विरासत में मिली पहिये  जैसी चाल, पिता के विचारशील कदम, वातावरण में गूंजती पढ़ी ना पढ़ी किताब के पन्नो की आवाज़ और मां का साया दस कदम पीछे होने का आभास इनको पहन कर ना जाने कितनी बार हुआ.. सबसे पहले मौसम की पहली बर्फ छूने का सुख हर वर्ष दशकों से इन्होने अपने ज़हन में समेटा है... वसंत के डेफोडिल , पतझड़ के चार सौ चोरास्सी रंग,  मानसून से  निखरे जंगल       के बीच भीगी- लजाती  ज़मी  से महकते  कुदरत के करिश्मो का  अलग - अलग स्वाद सार्ष्टि के साथ मिल बाँट कर चखा है... ख़ुशी में वो गौरिया के घोंसलों में झांकते, राह में ठहरे हुए बारिश के पानी से चुहल करते , फ़िल्मी स्टाइल में देवदार के तने पर हाथ टिका गोल-गोल घूम सुबह रेडियो पर सुना प्रेम गीत गुनगुनाते, फीते कसने को खाली बेंच पर बैठ कर थोड़ा सुस्ताते, गोल्फ कोर्स से लापता सड़क पर पड़ी लावारिस सफ़ेद गेंद को बादलों में छेद करने को हवा में पूरे जोश से उछाल देते ... दुःख में उसके दिल को टोहते, भरोसा दिलाते मुझे पहनो और बाहर झांको  देखो! जिंदगी कितनी   खूबसूरत  है  कभी आगे बढ़कर आंसू पोंछने की कोशिश नहीं की... ना ही कारण जानने के लिए प्रश्नों की बौछार की ... जब कोई बूंद गर्दन से लुढ़क कर उन पर ठहर जाती, वो तुरंत सोख लेते और अगले दिन बारिश को बुला कर उसके गोल निशाँ धुलवा देते ... नर्म, गुदगुदे, मखमली ... वो उसके  पैरों  के लिए इटली से बन कर आये थे... उनको बनाने वाला शायद उसे जानता था जिसने क़दमों को अपनी हथेलियों  में भींच कर कहा था... एक दिन इनके लिए अपने हाथों से जुते सीयूंगा .... ये जुते उसकी हथेलियाँ थी जो पाँव के आकार में ढल गई .... उनको पहनते ही उसके साथ का सफ़र तय था... और बादलों से निकल सूरज सामने खड़ा मुस्कुरा रहा होता...

समय के साथ वो अब उसके जैसे हो चले हैं त्वचा से ढीले - ढाले, चहरे से बदरंग, शरीर से कमज़ोर, एडी से घीस गए हैं जोड़ों से उधड़ने लगे हैं वो आराम चाहते हैं थक गए हैं जिंदगी से, थके भी क्यों ना ... पिछले गयारह साल में वो इतना सफ़र तय कर  चुके हैं जितना हवाई जहाज़ दो दिन में करता   होगा...   उनके साथ किया रोज पांच-सात  कोस का सफ़र इंच दर इंच ज़मीन पर हज़ारों बार दर्ज है सिर्फ मिट्टी के कणों को मालुम हैं उन्होंने कितनी बार तलवों को चूमा है...

उनकी जगह मजबूत, नीली सफ़ेद धारियों वाले, खुरदरी सोल के जुते खरीदे जा चुके हैं पर वो एडी के ऊपर की त्वचा से नरमी से पेश नहीं आते... वहां एक गुलाबी पिलपिला, पारदर्शी बुलबुला उभर आया है... मेड इन चाइना जो ठहरे.. भारतीयों से वही पुराना ऐतिहासिक बैर... पुराने जूतों के लिए घर में जगह नहीं...उनके शरीर की मुनियाद ख़त्म हो चुकी है ... इनसे छुटकारा पा लो, अब तो नए आ गए हैं... जुते वाली अलमारी कह रही है... घर कह रहा है... घरवाले कह रहे हैं सही तो कह रहे हैं...अब यह किस काम के.... चेरेटी बेग में डाल देना चाहिए ... इतने जीर्ण -जीर्ण जुते कौन पहनेगा?... उसकी हथेलियों में किसी और के पाँव?...नहीं बिन में ठीक है ... रीसाइकल बिन में? या कबाड़ वाले में? सफ़ेद प्लास्टिक के बेग में लिपटे वो अपनी अंतिम यात्रा की प्रतीक्षा में दो सप्ताह से लेंडिंग के कोने में पड़े हैं आज शाम देखा  तो वह कोना वीरान है ...

उसे पूरी रात जंगल में आग के सपने आये और नसों में बिच्छु रेंगते महसूस हुए ... ठीक उन्ही रातों की तरह जब उसने कहा था प्यार एक चमत्कार की तरह फिर घटित हुआ है उसके जीवन में और वह उससे दूर होना चाहता है ... पर कहाँ हो पाई प्यार से दूर ... वो यादों से निकल दरारों में यहाँ - वहाँ पीपल की तरह उग आता है यह जूते भी बिलकुल उसके जैसे हैं एक्सपाइरी डेट के बाद भी दूर नहीं होना चाहते ...

बाहर गहरा कोहरा हैं, बगीचे के हर कोने, घास के हर तिनके, घर की छतों और गाड़ी की देह को आज की सुबह, जमे पानी की स्लेटी चादर में लपेटे है वह शाल लपेटे ठिठुरते हाथों का काँटा कमर से ऊँचे हरे रंग के रिसाइकल बिन में फेंकती है अखबार और जंक मेल के बीच से सफ़ेद बेग में लिपटे सफ़र के साथी को उँगलियाँ में फंसा कर भीतर ले आती है और उन्हे जगह देती हैं यादों से सजी अलमारी में ... खुशियों वाली ऊपर की शेल्फ को छोड़,   नीचे वाली शेल्फ पर सबसे खामोश और नम जगह के बीच, दर्द की बगल में ....

Wednesday, 23 February 2011

उसकी बाहों में जन्नत नसीब होती...

दोबारा गर्म किए हुए चिकन, चावल, मटर पनीर, अचार, ब्रेड, कस्टर्ड, काफी, चाय ,  बीयर, वाइन,  रम की मिली जुली  मितली  लाने वाली  गंध वातावरण में झूल रही है.. कोई उनसे पानी ना मांग ले, वो ट्रे समेट,   बत्ती बुझा, ब्लेंकेट  इधर- उधर फेंक, उजाले की तश्तरियों  पर फटाक -फटाक ढक्कन   गिरा, पिछले हिस्से में परदे खींच आराम कर रही हैं..  खामोशी ने बंद खिड़कियों को देख सेंध लगा ली..  लोग सो  रहे हैं,  सोने की कोशिश में ऊँघ रहे हैं या कुर्सी से खीचा -तानी करते  स्क्रीन पर आँखे चिपकाए  बैठे है,  उसे महसूस हुआ  जो भी थोड़ा बहुत खाया वो यूँ ही पेट में तैर रहा है उसे वाइन नहीं लेनी चाहिए थी... उसके डाइजेस्टिव सिस्टम और अल्कोहल की नहीं बनती ... शायद  सोने में मदद करे.. "यस प्लीज़ ..."  ट्राली पर रखी बोतल और उसके बीच खुदबखुद कूद पड़ा... सभी सोने- जागने वाले लोग सांस लेने के लिए कम्पीट कर रहे हैं आक्सीजन के बाद  कार्बनडाईकसाइड के लिए...वो भी  उसके हिस्से में बहूत कम आई  है  दम घुट रहा है.... नज़रों ने  गर्दन घुमा कर पास वाले को भांपा  उसे  निढाल देख धीरे से दो अंगुलियाँ  फ्लेप के नीचे लगाई और  ऊपर सरका दी  ... पों फटे की सिंदूरी रौशनी में उसका चेहरा नहा गया... होंठ खुले के खुले  ....   फटी आँखें  बस देखती रह गई... हज़ारों बार पहले भी मिला  है.... नए - नए भेस में, नए से नए रंग - रूप में, नयी -नयी जगह पर, छिपते, उगते, भागते, रूकते, पीछा करते,  ढीठ बन कर  छत पर  खड़े रहते, विंड स्क्रीन पर आँख मारते ... यह चाँद है या उसका महबूब?   दुनिया भर के  सूफियों,  कवियों, लेखकों, प्रेमियों ने इसके बारे में सदियों से कई आसमान भर लिखा है पर वो उनको  सपनो में ही करीब से मिला है...  बचपन में चन्दा मामा और फिर महबूब की तरह  हमेशा  दिल में  रहा है आज दूरियां और चांदनी बिना उसकी राह रोक खड़ा है... आँखे उसे अमृत की तरह पीती हैं...  अंगुलियाँ गुलाब की पंखुड़ी की तरह छूती हैं... धड़कने उसे पहले चुम्बन के अहसास की तरह दर्ज करती हैं आत्मा इस आलोकिक सुख को अपने भीतर उसके लिखे खतों की तरह सहेजती है .. वह दोनों बांह उठाये अपने पास बुला रहा  है...जैसे ही उसने खिड़की से निकल पंख पर पाँव  रखा...चाँद ने उसे बाहों में भर ऊपर उठा लिया..  वो अपना आँचल भर रही है तारों से, वो उसे  आकाश के कोने - कोने में ले गया... उसने सारा आकाश खाली कर दिया... चाँद एक हाथ में उसे थाम और दुसरे हाथ से  उसके आँचल से एक- एक तारा उठा वो उन्हें वापस आकाश में टांक रहा है और सारा आकाश जगमगा रहा है  जिधर  देखो  उसका नाम लिखा है... इस पल  को जीने के लिए कई जीवन कम थे...   

परिचारिका हाथ में पानी भरा ग्लास लिए उसके कंधे हिला रही है वो चाँद की बाहों से छूट, धम्म  से ज़मीन पर आ गिरी है ... हाथों ने टटोल कर जल्दी में नीचे से पर्स उठाया, जेब में हाथ डाला, पहली, दूसरी, तीसरी  कंघा, शीशा, लिपस्टिक, एक, दो, तीन पेन, चश्मा, क्रेडिट कार्ड, सौंफ की पुडिया, इलायची,  रसीदें, हेयर बैंड, सेफ्टी पिन, बिंदी का पेकेट,  पोलो ट्यूब,  पाकिट डायरी, टाफी, मास्चराजिंग क्रीम,  डीओडरएंट, सेब, टूथ पिक, टिशु..  कहाँ गया?कहाँ गया? यहीं तो डाला था...   हाथों की उलट- पलट से और पैरों की उठक- पटक से,  चिंकी आखों, चपटी नाक और साल्ट- पेपर  बाल वाला पड़ोसी  कसमसाया, उसकी अधखुली आँखे माथे में सिलवट डाल, इसकी याचना भरी  आँखों को नज़रंदाज़ करते हुए, निगल  जाने के अंदाज़ में घूरती हैं...वो सीधा बैठ कर अपनी टाँगे सिकोड़ता  है,  सेंडल छोड़  उसकी टांगों से बचती वह खिसकती है उचक कर  छत से लटकता  बहुत बड़ा मुह खोलती है, एक भरकम चीज़  को नीचे उतार कर  फिर से शुरू होती है तलाश...  हथेलियाँ जगह  बनाती हैं  ठुसे हुए कपड़ों, पेकीटों, अचार की शीशी,  मिठाई  का डिब्बा,  किताबों   के पन्नो ,  फोन चार्जर, ब्रुश, शेम्पू.... खटर  -पटर, खसर -पसर ...  बैचैनी बढ़ती जा रही है वो सूरज की रौशनी के आँचल में ना छिप जाए ...पड़ोसी की अधखुली आँखे  खुलते -खुलते बड़ी होती जा रही है...  अंगुलियाँ जिप खींचती है  उसे वापस  टिका  ...फटाक! से बड़ा खुला  हुआ मुह बंद कर ... वापस  धम्म से सीट पर... आँखों में पानी और चेहरे पर मुर्दानगी... हाथ झुकते हैं टिशु तलाशने को ..अरे   यह क्या है? ..मिल गया ! ... हथेलियाँ  छूते ही मजबूती से पकड़ लेती हैं उसकी सफुर्ती और मुस्कराहट देखते ही पड़ोसी को टेटनस का दौरा पड़ गया  है ..तेज़ी से कांपते हाथ- पाँव, चटखती  हड्डियाँ,  बदहवास और घबराया हुआ वह अपनी जगह से खड़ा हो गया ... इससे पहले की वो  बम!.. बम! ...चिल्लाए... वो हथेली उठा और उसके सामने खोलकर समर्पण कर देती है ...  उसके चेहरे का रंग बदलता है लेकिन तेवर  नहीं ... "यू आर नोट अलाउड  टू  स्विच आन इन फ्लाईट"...वो अंगुली से इशारा करती है खिड़की से बाहर अपने टारगेट का... वो जितनी बार क्लिक करती है उतनी बार खुद को कोसती है काश उसके पास बम होता आज उसकी बाहों में जन्नत  नसीब होती ...  पड़ोसी उससे अधिक से अधिक दूरी रखते हुए  पास से गुजरती परिचारिका से धीरे से बुदबुदाता है "इन्डियन वीमेन आर मैड... इज देयर अ एम्प्टी  सीट? "                                        

Thursday, 23 December 2010

खामोशियों का सफ़र...

खामोशियाँ हमेशा से थी बाहर - भीतर, आस-पास  और भीड़ में कहीं ज्यादा.. अपने पिछले जन्म में किसी और रूप में....वो खफा-खफा, मायूस, विरक्त, क्षुब्ध, उपेक्षित ... आपेक्षाओं और सहिष्णुता  के जाल में फंसी...  खामोशियाँ काले कपड़े पहन, अंगूठा दिखाते हुए डर, द्वंद और निराशाओं के बादल लिए आसपास मंडराती थी...वो कुहासे की तरह घुप्प और सर्द .. उन्हे शीशे पर जमते हुए देखा जा सकता था... अंगुली से छुआ जा सकता था .... वो हर पल कंकर की तरह चुभती, यादों में, यतार्थ में, सोच में, सपनों में, पैरों में, नाड़ियों में, आँखों में.... नाड़ियों का खून जम जाता  और आँखे लाल रहती.. वो धड्कनों पर फाइव लीवर के ताले और अपने इर्द-गिर्द दीवारें ऊँची करने में मसरूफ थी... सुरज के उजालों में बाँधे रहती आंखों पर पट्टि और जीवन के अंधेरों को भरने के लिए बटोरती रहती इंतज़ार,  मायूसी, दर्द,  दिल के टुकड़ों के लिए जंग का खुरदरा रंग...रोबाट बने हाथ-पावों को सहलाती  और उन्हे  बहलाने के लिए पकड़ा देती हाथों में शापिंग की ट्रोली और पाँव के नीचे क्लच....खामोशियाँ एक सी सी टी वी के तरह पीछा करती... उसे गुनाह करते पकड़ने के लिए... कटघरे में खड़ा करने के लिए... गांधारी बनाए रखने के लिए .. आंखों से निकाल  खामोशी के कंकड़ को जब भी उछाल कर पानी में फेंका... ना तो पानी उछला और ना ही उसनें हलचल हुई ... हाँ आसमान से जरूर कुछ बरसा आँखों के साथ- साथ...

जिस पल आत्मा पर खामोशियों का बोझ शरीर के वज़न से अधिक हो गया और दोनों का एक दुसरे को झेलना दूभर हो गया...खामोशियों ने एक दिन खुली हवा में सांस लेने का साहस बटोरा और बस फिर क्या...  सिर्फ  एक हवा के झोंके से  ... खटाक.!..खटाक.!..भीतर के सभी बंद दरवाज़े और खिड़की हवा में झूलने लगे...  खामोशियों  ने  अमावस्या के रोज़ चांदनी पी...   अब खामोशियों को समय की धारा में डूबने से बचने के लिए तिनके की तलाश नहीं थी... उनकी निगाह आसमान पर थी... खामोशियाँ को कदमो की आहट सुनाई दी,पत्तियों के हिलने से उत्पन्न  संगीत से दिल पर कसे तार  ढीले  होने लगे...हरियाला जंगल आँखों में क्या इस तरह झांकता है? और चाँद खिड़की पर उतर आवाज़ देता है...  खुली हवा में खामोशियों के पंख खुदबखुद खुल जाते... वो घर लौटते परिंदों का पीछा करती तो कभी आसमान में हवाई जहाज़ के पीछे खींची लाइन को एक फूक से मिटा देती... आइना चेहरे से बतियाते हुए पहरन के भीतर झांकता, गोरय्या हर सुबह बिजली के तार पर चहकती, गिलहरी ठिठक कर खड़ी फिर फुदक कर झाड़ियों में गायब हो जाती, भाग्य खामोशियों के हक़ में खड़ा था और तभी  स्रष्टि ने आसमान के कान में कुछः कहा... वो ब्रुश लिए सपनों में इन्द्रधनुषी रंग घोलने लगा, वजूद खामोशियों की रूह बन इतराने लगा ... खामोशियाँ कभी सुनहरी धूप, कभी सोलह साल की अल्हड़ लड़की, कभी पतंग, कभी सीप, कभी ओस की बूंद, कभी नदी, कभी कविता, कभी पत्ती तो कभी फोटोसिन्थेसिस..... दो सिरों से बंधे आज और अभी के तार पर चलने के लिए हवा में संतुलित ... खामोशियों के लिखे बैरंग ख़त सरहदों को पार कर उनके पते ढूँढने लगे जिनसे मिलना खामोशियों के भाग्य में दशकों से दर्ज था.. खामोशियाँ को जादू आता था वो जब चाहे जेठ की  धूप,  घर के पिछवाड़े  अमरुद का बाग़, दादी का खजाने भरा संदूक, कालेज के गेट पर खड़ा उसका इंतज़ार, बंद रेलवे फाटक पर बिकती नारियल की गिरी... जो भी चाहो वो बन जाती ...

 खामोशियाँ तलाशने लगी थी एक खामोश कोना जहाँ रोज मरने से पहले कुछः देर जिया जा सके..... वो बस स्टाप के शेड और आसमान छूती इमारत की छत के नीचे, रसोई और बेडरूम की नजदीकियों  के बीच, अलार्म और बत्ती बुझाने  के बीच, बिल और रिपोर्ट की डेडलाइन के बीच, जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के बीच, प्यार और नफरत के बीच, किसी को भूलने और माफ़ करने के बीच सांस लेने लगी थी.. उन्होंने पेड़ों, परिंदों, पर्दों, प्रथ्वी और प्रक्रति को अपना राजदार बना लिया था ... खामोशियों के अपने सुख, दुःख थे... उनकी अपनी एक दुनिया थी नियति थी... जो खामोशियों ने ओस के धागे से पत्तियों पर लिखी थी, खामोशियाँ  खामोशियों में जीती थी, एक दुसरे को सुबह-शाम पीती थी, उन्ही में सोती थी, उन्ही में जागती थी, खामोशियों दिन में सपने देखती और नींद में उन्हे सच कर देती.... .वो अचम्भित थी ... खामोशियाँ टूट कर पहले से अधिक साबुत और सार्थक  हो गई ... उन्हे बड़ी राहत थी.... मंजिल का पता उनकी बंद मुठ्ठी में था और उनका सफ़र जारी था...


 फोटो- राउंडी पार्क लीड्ज़      

Thursday, 11 November 2010

"मिस माई लिटल ब्रदर इज जस्ट लाइक यू"..

दुसरे ही दिन से उसे लगने लगा था..वो मासूम आँखे कुछः टटोलती हैं,खोजती हैं कुछः कहना चाहती हैं ...अक्सर उसने देखा सत्ताईस झुके सर पेन्सिल की नोक घुमा रहे होते... और रेचल पेन्सिल का टॉप मुह में घुमाते हुए उसकी तरफ देख रही होती...और उससे नज़रें मिलते ही सर झुका पेन्सिल को कापी पर घुमाने लगती...कुछः मिनटों बाद फिर उसकी पेन्सिल मुह में और आँखे उस पर चिपकी हुई....रेचल के रूखे, उलझे, सुनहरे, खुले बाल, नयी पत्ती के रंग की कच्ची नींद में जागी आँखे, कपास जैसे गाल पर नाख़ून से खिंची बैंजनी लकीर बिना बोले बहुत कुछः कह जाते और फ्राक पर स्पेगेटी, चाकलेट, दूध, कस्टर्ड, केचप के निशाँ उसके सुबह के ब्रेकफास्ट का या रात के डिनर का मेनू बता रहे होते...

यह स्कूल चार-पांच हज़ार की आबादी वाले एक छोटे से गाँव में था,यह गावं माइग्रेशन -इम्मीग्रेशन से अछूता था...तभी तो सड़क पर छोटे बच्चे और बूढ़े उसे पीछे मुड़-मुड़ कर देखते...बच्चे अंगुली उठा अपने मां -बाप से प्रश्न पूछते " व्हाट इज देट रेड स्पोट आन हर फॉर हेड... इज ईट ब्लड? उसके कुछः बोलने से पहले ही उनके माँ -बाप उससे माफ़ी मांगते हुए उन्हे एलियन के सामने से खींच कर ले जाते....उसका मन होता पर्स में से पत्ता निकाल लाल खून की बूंद बच्चों के माथे पर चिपका दे... वह अक्सर सोचती उन छोटी - छोटी उँगलियों की जिज्ञासा, बड़े - बड़े हाथों ने क्या कह कर मिटाई होगी ...

बी एड की ट्रेनिंग के अंतर्गत उसे ऐसे ही स्कूल में कक्षा एक की क्लास मिली थी... वह खुश थी... पहली क्लास के बच्चों में उसके अंगेजी के उच्चारण पर मुस्कुराने और हँसी उड़ाने का हौसला तो कम होगा... और यदि उड़ाया भी तो उनकी उम्र के अनुरूप झेंप और तकलीफ भी कम होगी ... पर यहाँ मुस्कुराने की बारी उसकी थी उनका योर्कशायर का डायलेक्ट बस को बूस,वाटर को वोतर, कलर को कोलर .. यकाएक स्थानीय अंग्रेजी सिखाने को उसके अट्ठाईस शिक्षक....

गावं के स्कूल से पहले वो ऐसे स्कूल में थी जहाँ अशवेत बच्चों के मुकाबले शवेत बच्चे अल्पसंख्यक थे, जब पहले दिन रजिस्ट्रेशन के समय उसने एक भारतीय बच्चे को अंकुर कह कर बुलाया तो अंकुर सहित सभी हँस पड़े... और एक साथ बोले " हिज़ नेम इज एंकर...मिस!" अंकुर को एंकर बनाना बहुत आसान था किन्तु एंकर को अंकुर बनाने के लिए शिक्षक का शवेत होना ज़रूरी था...इसलिए तमाम कोशिशों के बावज़ूद वह एंकर बन कर ही अंकुरित होता रहा ... हरी का हैरी, अजय एजे और विजय वीजे बन कर... भारतीय मूल के बच्चों का नामकरण शवेत शिक्षकों द्वारा होने के बाद माता- पिता उनका नया नाम गर्व से पुकारते थे... पेरंट्स इवनिंग में उसके मुह से निकले सही नाम के उच्चारण को स्कूल द्वारा दिए गए नए नाम से सुधारने की कोशिश करते ... तब ट्रेनिंग के दौरान प्रोफ़ेसर वर्मा की कही बात दिमाग में घूम जाती "हम आज़ाद हो गए हैं लेकिन हम भारतीयों के दिल आज़ाद नहीं हुए वो अभी भी कोलोनाज्ड हैं "... एक बार उसी स्कूल में प्रोफ़ेसर वर्मा उसकी क्लास का निरिक्षण करने आई थी... स्कूल ख़त्म होने से पहले प्रिंसपल प्रोफ़ेसर वर्मा को हेलो करने आया और बात करते हुए उसका ध्यान प्लास्टिक के लेगो पीस जोड़ -जोड़ कर बने हेलीकाप्टर पर गया उसकी टूटी पंखुड़ी कीतरफ इशारा करते हुए बोला "पता नहीं क्यों भारतीयमूल के बच्चे खिलौने बहुत तोड़ते हैं"... मिसेज वर्मा ने हँस कर जवाब दिया "मिस्टर लीच भारतीय बच्चों को खिलोनो की रीसेलेबल वेल्यू नहीं मालुम, उनके माता -पिता खिलोनों की पेकिंग संभाल कर नहीं रखते... उन्हे तोड़ने और संभाल कर रखने का निर्णय उनका खुद का होता है..." आफिस के बाहर कोई इंतज़ार कर रहा है यह कह कर मिस्टर लीच ने विदा ली...उस दिन के बाद से उसके द्वारा किये गए किताबों, खिलोनों और एजुकेशनल एड्स के आर्डर पर मिस्टर लीच ने अन्य शिक्षकों की तरह उससे भी प्रश्न करना बंद कर दिया...

अशवेत बच्चों के बहुमत वाले स्कूल में पेरंट्स इवनिंग का होना ना होना बराबर था...आधे से अधिक तो अभिभावक आते ही नहीं, जो आते उनके लिए शिक्षक ने जो बच्चे के बारे में कहा उससे अधिक जो नहीं कहा उसे समझने की ज्यादा आवशयकता थी, पेरेंट्स इविनिंग में आना रंग -बिरंगे हिजाबों के लिए अनावश्यक ना भी हो लेकिन जो घर में उनसे छोटे हैं वे आने से रोकते हैं ...वैसे भी क्या फर्क पड़ता है यहाँ प्राइमरी स्कूल में कोई फेल नहीं होता... गर्मियों की छुट्टी छ सप्ताह की जगह पाकिस्तान जाकर छ महीने बढ़ा लेने पर भी बच्चे अगली क्लास में चले जाते हैं... आज उसे प्राइमरी स्कूल में फेल ना होने वाले सिस्टम के फेलियर यूवाओं को देख कर सिर्फ तकलीफ होती है हेरानी नहीं...ओर ना ही मलाल होता है जिस सिस्टम को बदलने की ताकत उसमें नहीं थी उसका पुर्जा नहीं बनी ... ऐसे स्कूलों की छत के नीचे पढ़ाने ओर मन बहलाने के साधनों का ढेर लगा था किन्तु  इसके ऊपर स्लेटी  आसमा के टुकड़े में अपेक्षा, उम्मीदों ओर संभावनाओं का बड़ा अकाल था.. असाधारण बचपन से साधारण उम्मीदें...  मासूम कन्धों पर उगने वाले अनगिनत पंखों की जोड़ी को स्टोर रूम में धूल खाते देख ... उसे अपना वो स्कूल याद आया जिसकी कच्ची दीवारों के भीतर सूरज, चाँद, ओर इंद्र धनुष पलक झपकते एक उड़ान में हासिल थे ...

जब प्रिंसपल के कहने पर उसने माइकल की सालाना रिपोर्ट बदलने से इनकार किया तो उसी समय उसे मालुम हो गया था, कांट्रेक्ट की उम्र अब इसी टर्म तक है प्रिंसपल ने कहा माइकल की माँ ने तीन स्कूल बदलने के बाद बड़ी उम्मीद से हमारे स्कूल में उसे दाखिल करवाया है वो हमारी स्कूल गवर्नर है... बड़ी निराश होगी... माइकल की रिपोर्ट बनाते समय वह खुद से कहीं अधिक निराश थी, माइकल को उसने एक चुनौती की तरह अपनाया था, उपलब्धि और प्रतिस्पर्धा का स्वाद चखाने के लिए उसके हर छोटे कदम को सीढ़ी के ऊपर खड़े होना दिखाया और क्लास से बाहर उदंडता से बचाए रखने के लिए, वह उसका हाथ ऐसे थामे रहती जैसे खो जाने के डर से भीड़ में मां अपने बच्चे का हाथ थामे रहती है... माइकल के आलसीपन को रिवार्ड करने का अर्थ उसके भविष्य से खिलवाड़ करना, जिसके लिए वह खुद को राजी नहीं कर सकी... इसलिए स्कूल और माइकल दोनों को छोड़ना पड़ा...

यहाँ क्लास में बच्चों के बीच वह उन्ही की तरह रंगहीन हो जाती है उन सफ़ेद चेहरों की मासूम आँखों को अभी तक यही मालुम है रंग सिर्फ रेनबो, फूलों और कपड़ों का होता है जिस दिन वो इंसानियत को काले सफ़ेद रंगों का लिबास पहना देंगे ..उस दिन वो बच्चे नहीं रहेंगे ... स्टाफरूम में उसकी चमड़ी का रंग हरी- नीली-स्लेटी आँखों को ब्लेक बोर्ड की तरह नज़र आता है जहाँ अँगुलियों ने नहीं होठों ने चाक पकड़ा हुआ है ...उनकी दी गई नसीहतें उसकी मान्यताओं और मूल्यों से टक्कर खा कुछः देर के लिए कुर्सी के नीचे लुढ़क जाती और उनके मज़ाक और गासिप उसके सर से गुजर जाते ... कभी बालों से नीचे उतरे तो वह उसे भद्दे और बेस्वाद लगे ...वो उनकी बात पर ना हँसने पर उसे समझाने के लिए उंचा बोलते ... उसे ना हँसने का अधिकार है... कुछः बोलने को होती तो...स्टाफ रूम  में आते ही जीभ तालू से क्यों चिपक जाती है ?...सोशली एक्सेप्ट होने लिए हँसी का मुखोटा पहना सीख लिया...  

उसकी प्लेग्राउंड में ड्यूटी है आज टर्म का आखरी दिन है रेचल और उसका भी स्कूल में आज आखरी दिन है ... रेचल के माता-पिता ने घर बदला है उसे तीसरी क्लास में पास के स्कूल में भेज रहे हैं...और उसने करियर बदलने का निर्णय ले लिया है...प्ले ग्राउंड में धमा-चोकड़ी मची है बच्चे एक दुसरे के आगे - पीछे भाग रहे हैं... रेलिंग पर लटक रहे हैं... फ़ुटबाल उछाल रहे हैं झपट रहे हैं ... फूटबाल पास करने के लिए चिल्ला रहे हैं एक दुसरे को धक्के दे रहे हैं.. कुछः बार - बार उसके पास आकर एक-दुसरे की शिकायत लगा रहे हैं लड़कियों के समूह स्टापू खेल रहे हैं ओर जब भी फ़ुटबाल उनके करीब आती है वो उसे मैदान के बाहर फेंक देती हैं उसका ध्यान रेचल पर है जो उसे दूर खड़ी एकटक देख रही है....उसके उलझे सुनहरे बाल बाल हवा में उड़ रहे हैं जिन्हें वो अँगुलियों से पकड़,गर्दन पीछे झुका, बार-बार कानों के पीछे उमेठ्ती है... उसकी फ्राक पर चिपका डिनर और ब्रेकफास्ट का मेनू नीले मटमैले कोट से ढका है जिसके दो बटन टूटे हैं... वह लेलिपोप जिसे उसने घंटी बजने से पहले क्लास के बच्चों में बांटा था...मुह में डालती है और निकालती है उसके गालों का रंग लेलिपाप के रंग से मेल खा रहा है ... वह लेलिपाप की डंडी को मुह में दबाये दोनों हाथ हिलाती है बीच की दूरी को नापती हुई वह प्ले ग्राउंड के दुसरे कोने से बेतहाशा उसकी ओर भाग रही है... पास आकर हाँफते हुए मिस के कोट से बाहर लटके बर्फीले हाथ को चिपकी अंगुली से छूते हुए रेचल के गुलाबी होंठ एक प्रार्थना सी बुदबुदाते हैं "मिस माईलिटलब्रदर इज जस्टलाइक यू".. मिस रेचल के दोनों हाथ अपने हाथों में ले, घुटने मोड़, झुक कर मुस्कुराते हुए रेचल की आँखों में उसके भाई के काले बाल और कत्थई आँखें खोजती है लेकिन वहां उसे नज़र आती है स्वीक्रति की हज़ारों लौ जिनको उसने बरसों से हर सफ़ेद चेहरे पर चमकती आखों में ढूढ़ा है ...

फोटो गूगल सर्च इंजन से

Friday, 30 July 2010

आज थेंक यू कहने के लिए नीली आँखों वाली पास नहीं है...


बशीरा ने नज़रें उठाई और बस स्टाप के अन्दर लगे स्क्रीन पर झांका, जो पिछले पंद्रह मिनट से बता रहा है कि छत्तीस नंबर बस तीन मिनट में आ रही है, पुश चेयर में बंधे साजिद और जावेद, पलट -पलट कर उसकी और देख, हाथ उठा बेल्ट से मुक्त होने को मचल रहे हैं, पुश चेयर के नीचे टोकरी में दो बड़े प्लास्टिक के शापिंग बैग हैं एक में चार छोटी- छोटी टी शर्ट हैं, दो कार्डराय की पैंट हैं दुसरे थैले में उनके नए जूते और तीन - तीन जोड़ी नयी जुराबें... उसके कंधे पर पर्स नुमा बड़ा बेग... जिसमें पड़ी पानी, दूध की बोतल अपना भार कंधे को प्रत्येक क्षण तुलवा रही थी..हाई स्ट्रीट में उसके पास से गुजरते लोगों की आँखों में छिपा परायापन जो आँखें मिलते ही आँखों से बाहर आ जाता है यहाँ बस स्टाप पर उसके पास लाइन में आकर खड़ा हो गया है जिसने बस का इंतज़ार और लंबा कर दिया ... उसे लगता है उसका सारा वजूद और पहचान उसके सर पर बंधे एक मीटर कपड़े में है वो समझ सकती है चार दिवारी के बाहर सूरज और हवा को एतराज़ है वह उसके बालोंऔर बालों में लगी क्लिप को कभी छू नहीं पाए.. किन्तु आस पास खड़ी परछाइयाँ क्यों चश्मा बदल -बदल कर देखते है एक चश्मा कहता है बेचारी को रोज़ पीटता है, दुसरा दो बच्चे पुश चेयर में हैं चार स्कूल में होंगे, तीसरा बस में इसके पास वाली सीट ना मिले लहुसन की बदबू बर्दाश्त नहीं होती, चौथा सरकारी खजाने पर परिवार ऐश करता है, पति बेरोजगार है या टेक्सी चलाता है और टेक्स चुराता है,पांचवा इन्हें सरकार वापस क्यों नहीं भेज देती, छटा लिबास के भीतर छाती का भार और आकार नाप चुका है...

बड़ा सोच समझ कर घर से निकली थी... आसमान साफ़ है हवा में सब्र है हाई स्ट्रीट में सेल लगी है... दो घंटे में, दो बच्चों के साथ, दो बड़ी दुकानों में जाकर ही उसके हाथ- पाँव, कंधे और सब्र सभी ने जवाब दे दिया था .... घर से खिला - पिला कर लाइ थी... आते हुए बस में सो गए थे और सोते रहे.. लौटने के समय जागे है... बस स्टाप के भीतर, बिल बोर्ड पर बदलते पोस्टर्स को दोनों बड़े ध्यान से देख रहे हैं .. बस स्टाप अब बारह - पंद्रह लोग है सभी बूढ़े लाइन में हैं और जवान लाइन से बाहर ... यदि बस स्क्रीन पर बताये समय पर आ गई होती तो अब तक वह घर में होती... तभी उसने देखा एक नीली आखों वाली डबल पुश चेयर को धकेलती हुई लाइन में पीछे आकर खड़ी हो गई, उसकी घुटनों तक लम्बी काली स्किर्ट पर उसकी नज़र गई,जो उसकी स्किर्ट से थोड़ी ही ऊँची है यह राज़ सिर्फ बशीरा को मालुम है.. दोनों की निगाह एक दुसरे की पुश चेयर पर है जिसका मेक एक है, डिजाइन और साइज़ एक है, बच्चों का जुडवा और उनकी उम्र बराबर होना एक है और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफ़र करने का संघर्ष एक है इन सभी समानता को आखों ही आखों में दर्ज करती चार आँखे मुस्कुराई ...

तभी छत्तीस नम्बर बस आ गई.. तीन लोग जो लाइन में आगे थे उनके चढ़ने के बाद बशीरा ने पुश चेयर आगे धकेली..
"तुम वहीं रुको यह पुश चेयर बड़ी है अन्दर नहीं आ सकती.." ड्राइवर ने सीट बैठे हुए हाथ बढ़ा कर रोकते हुए कहा..
"लेकिन यह तो आ रही है..." बशीरा पुश चेयर के अगले पहीये उठा बस के पायदान पर लगाने को थी...
"नहीं यह इस तरह नहीं आ सकती ..." ड्राइवर सीट से उठ कर बस के दरवाज़े पर आकर खड़ा हो गया...
बशीरा अपने से पीछे अन्य यात्री को रास्ता देती हुई बस के दरवाज़े की बगल में सरक गई ... साजिद और जावेद को बेल्ट से मुक्त किया .. उन्हे फूटपाथ पर खड़ा कर ...पुश चेयर के दोनों हत्थों को क्लिक करके बंद किया..
सबसे बाद में नीली आँखों वाली जुड़वां बच्चों को पुश चेयर में धकेलती आई और पुश चेयर के अगले पहिये उठा दोनों बच्चों सहित बस के अन्दर चली गई... वह पुश चेयर को बच्चों सहित अन्दर छोड़ बाहर निकली...उसने जावेद को गोद में लिया... साजिद बशीरा की गोदी में था... बशीरा ने हत्थों से और नीली आखों ने पहियों की तरफ से उठा कर पुश चेयर को बस में लाकर खोला और सलीम और जावेद को उसमें बैठा दिया ...दोनों के माथे पर पसीना चमक रहा था ... ड्राइवर टिकट देने के लिए बशीरा का इंतज़ार कर रहा था...

बशीरा ने नीली आँखों वाली को ना जाने कितनी बार थेंक यू कहा...वो दोनों पुश चेयर खड़ी करने वाली जगह के सामने खाली सीट पर बैठ गई....

"तुम कुछः करोंगी नहीं?" नीली आँखों वाली ने बशीरा से कहा..

"क्या मतलब?.." बशीरा ने आखें गोल करते हुए कहा...
"जाओ ड्राइवर का नाम पूछ कर आओ..." बशीरा को अब कुछः -कुछः समझ आने लगा ... वह अपनी सीट से उठी, हेंडल पकड़ झूलती हुई आगे बढ़ी... ड्राइवर ने नाम देने में आनाकानी की... और एक बहस के बाद अपना नाम दे दिया...

"तुम्हारे पास कागज़ और पेन है?" नीली आँखों वाली ने पूछा...
बशीरा ने बेग टटोला और पिछले महीने का हास्पिटल अपाइंटमेंट लेटर निकाला.. इतनी देर में नीली आखों वाली ने पिछली सीट से पेन का इंतजाम कर लिया.. .

"चलो लिखो तुम्हारे साथ क्या हुआ... " नीली आँखों वाली ने लेटर को उलट कर मुड़े -तुड़े पन्ने को अपने पर्स पर रख लिखने का सहारा दिया... बशीरा ने जल्दी - जल्दी आठ लाइने लिखी...
"जाओ बस में बैठे लोगों से .. इस कागज़ पर हस्ताक्षर लो.. मैं बच्चों पर नज़र रखती हूं .."
बशीरा एक-एक कर सभी के पास गई... किसी ने कहा मैंने कुछः नहीं देखा और किसी ने देख कर भी हस्ताक्षर देने से इनकार किया ... और कुछः को हस्ताक्षर देने के लिए आठ लाइने पढ़ने की ज़रुरत महसूस नहीं हुई...बशीरा अपनी सीट पर लौटी तो नीली आँखों वाली ने अपने हस्ताक्षर किये... आई फोन से उसने पता ढूंढ लिया था नीचे लिख दिया...
बशीरा का बस स्टाप आ गया और वह उस कागज़ को अपने बेग में समेट नीली आँखों वाली का थेंक यू करती रही.. पुश चेयर को धकेलती बस से उतर गई...

एक सप्ताह बाद बशीरा के नाम ख़त आया ... ट्रांसपोर्ट ऑथोरिटी ने उसकी शिकायत दर्ज कर ली है और तहकीकात शुरू हो गई है... इस तहकीकात के परिणाम के बारे में उसे छ सप्ताह बाद सूचित किया जाएगा...

बशीरा को परिणाम और तहकीकात से कुछः ज्यादा उम्मीदें नहीं थी ... लेकिन अपने भीतर के विश्वास और एकता की ताकत से मिलने के बाद आईने ने उसकी शक्ल बदल दी ... इस दुनिया में वह अकेली नहीं है उसका संघर्ष भी अकेला नहीं है ... नीली आँखों वाली का चेहरा अक्सर उसे आईने में नज़र आता ... वह सोचती उसने उसका नाम और फोन नंबर भी नहीं पूछा....

आठवें सप्ताह के मध्य में उसे पत्र मिला ... ट्रांसपोर्ट ऑथोरिटी उसके साथ हुए सलूक के लिए क्षमा चाहती है, ड्राइवर पर नस्ली भेदभाव और लिंग भेदभाव का गुनाह साफ़ साबित होता है ऐसा कर्मचारी ट्रांसपोर्ट ऑथोरिटी की नौकरी के लिए अनुपयुक्त है और ऐसे लोगों को समक्ष लाने के लिए ट्रांसपोर्ट ऑथोरिटी उसका धन्यवाद करती है...

आज थेंक यू कहने के लिए नीली आँखों वाली पास नहीं है... वह एक क्रान्ति और शक्ति की तरह हमेशा उसके भीतर रहेगी और सही वक्त पर, सही जगह पर, स्त्री के अधिकारों के लिए, अन्नाय के विरुद्ध उसकी आवाज़ बन कर...

फोटो गूगल सर्च इंजन से