Tuesday, 23 March 2010

उसकी नीलिमा पर बादलों ने लिखा था..


अक्सर उसकी आँख बर्तनों के खड़कने की आवाज़ से खुलती है या फेरीवालों और भिखारियों की पुकार से, नहीं तो अखबार वाले या फिर दूधवाले की घंटी से... लेकिन आज ऐसा नहीं हुआ ...पानी की कल-कल से नींद खुली... बाहर आकर देखा तो कटे पाइप से पानी बह रहा है ऐसा लगा जैसे गर्भनाल से पानी का मीटर कटा हो... छप-छप और ढूंढा-डांडी में जितनी देर पानी रोकने का जुगाड़ कर पाता.. मिनिस्पलटी वालों ने मुझसे बाजी मार् ली और पानी रोक दिया... पत्नी बेटे सहित गर्मी की छुट्टियों में अपने मायके में है वर्ना पानी के मीटर की चोरी में भी मेरा कसूर होने का कोई कारण खोज लेती... पानी बेकार होने से बचाने की जल्दी में यह भी ख्याल नहीं आया कि ज़रुरत का पानी तो भर लूँ... भला हो पड़ोसियों का... जिन्होंने पानी का मीटर चोरी हो जाने का अफ़सोस के साथ बाल्टी भर पानी नहाने को और पतीला भर पानी पकाने को दिया... अफ़सोस वाली पानी की बाल्टी में नहाते हुए मुझे इसी बात का अफसोस रहा ... इतने बड़े शहर में मेरे ही घर का मीटर चोरी क्यों हुआ? और अफ़सोस वाले पानी की चाय पीते समय इस बात का अफसोस कि दफ्तर जाने से पहले पुलिस चौकी जाना होगा .. वैसे पिछले आधे घंटे से अफ़सोस जाहिर करने के साथ-साथ पड़ोसियों ने सलाह भी दी कि मिस्त्री को भेज कर नया मीटर लगा लो आप तो पी डब्लू डी में काम करते हैं आपको पानी के मीटर की क्या कमी... नहीं मुझे पुलिस स्टेशन जाना है मैने जोर देकर कहा... सहानुभूति दर्शाने वाले सभी मुस्कुराए... शायद मेरी कायदे-कानून पर बची-खुची निष्ठा पर या उठाई गिरि की इस हरकत को इतनी गम्भीरता से लेने पर ... मैं इस शहर का कायदे- क़ानून मानने वाला सरकारी नौकर हूँ ... चोरी की रिपोर्ट लिखवाना मैंने अपना हक़ और कर्तव्य समझा ..

जून के महीने में दो किलोमीटर पैदल चल कर मैं पसीने से लथ-पथ पुलिस स्टेशन पहुंचा ...
"मुझे रिपोर्ट लिखवानी है मेरा पानी का मीटर चोरी हो गया है"... कुर्सी पर उंघते हुए पुलिसवाले के सामने बैठते हुए कहा..
"देखिये साहब आपके पानी के मीटर का चोर हमने पकड़ लिया है" उसने कोने में बैठे एक सत्रह -अठारह वर्ष के लड़के की तरह इशारा किया जो अपना मुह घुटनों में दिए बैठा था उसके फटे कपड़े और हाथो पैरों पर नील के निशाँ पुलिस के कहर की कहानी बता रहे थे.. चोर के पकड़े जाने का उत्साह ... उसकी हालत देखते ही गायब हो गया ...उसके सामने पांच-छ पानी के मीटर रखे थे...मुझे चोर से सहानुभूति हुई ...चोर से अपना ध्यान हटा मैंने मीटर से ही मतलब रखा जिसे मैं दूर से ही पहचान गया...कितनी बार उसकी चूड़ियाँ कसी थी, वाशर बदले थे, पाइप के मुह में डाला था... पर उसे भी आदत थी हर दुसरे-तीसरे सप्ताह टपकने की ओर मेरे हाथों टप-टप पुछ्वाने की....
"सुबह साढ़े चार बजे हमने पेट्रोल करते समय पकड़ा है साले को..." पुलिसवाला मुछों पर ताव देते हुए बता रहा था
"वो लम्बे पाइप वाला मीटर मेरा है... चाहे तो आप उस पर लिखा नंबर मेरे पानी के बिल पर लिखे नंबर से मिला लें..."मैंने झट अपनी जेब से पानी का बिल निकाल पुलिस वाले के हाथ में थमा दिया..मुझे मालुम था यह मीटर मेरा है यह मुझे साबित करना होगा इसलिए घर से पानी का बिल अपनी जेब में डाल कर चला था...
"इसकी तो पूरी कार्यवाही की जायेगी.. आप अपना मीटर नही ले जा सकते... यह माल खाने में पहले जमा होगा.. आप दो दिन बाद माल खाने से ले जाना... तब तक यह वहाँ पहुँच जाएगा.. " पुलिस वाला पानी के बिल से नाम, पता और नंबर नोट करते हुए बोला...
"लेकिन... यह मीटर ... "
"साहब यही कायदा है आपको यह मालखाने से ही मिलेगा..."
वो मेरी बात बीच में काटते हुए बोला...
पुलिसवाले ने पर्ची पर मालखाने का पता लिखा,रजिस्टर में मेरे हस्ताक्षर लिए...और मुझे रिपोर्ट की रसीद दी..

दो सौ रुपये बचाने को, किसी ना किसी तरह पाइप का मुह बन्द किया, दो दिन पड़ोसियों के घर से पानी लेकर काम चलाया और तीसरे दिन आधा दिन कि छुट्टी ले.. ढूंढता हुआ पहुँच गया माल-खाने में... माल खाने के मालिक को सभी जरूरी कागज पकड़ा.. मालखाने में झाँकने लगा ... शायद पानी का मीटर मुझे देखते ही मेरे पास दौड़ कर आ जाएगा ...
"यह तो केस चलेगा आप वकील लेकर आइए... " माल खाने का मालिक कागजों पर उड़ती नज़र डालते हुए बोला..
"अरे! कोई वकील पैसे बिना तो आएगा नही.. दो सौ रुपये की चीज के लिए मैं क्यों वकील के चक्कर में पडू
बहस -बंदी के बाद भी माल खाने का मालिक टस से मस नही हुआ और मुझे सारे कायदे-कानून के पाठ पढ़ा दिए ..

लौटते हुए नया मीटर खरीदा और दुकानदार को देते हुए दौ सौ बीस रूपये हाथों में कील की तरह चुभे और जब मैंने नया मीटर लगाया उससे अधिक चुभी पड़ोसियों की मुस्कराहट... 

कुछ दिन तक जब भी नए मीटर को देखता... दौ सौ बीस रूपये और मालखाने में इंतज़ार करता मीटर याद आता... फिर धीरे-धीरे मैं उसे भूलने लगा और मेरे आसपास सब कुछ बदलने लगा..घर के पीछे जो अमरुद का बाग़ था वहां इमारतें बनी.. जहां से चिड़ियों के चहकने  और ज़मीन पर कुतरे अमरुद की जगह एयर कंडिशनर से  आवाजें और गर्म हवा आने लगी... राज्य के दो टुकड़े हो गए... शहर राजधानी बन गया... अब यहाँ पानी के मीटर नहीं चोरी होते.. वो सामने लगी ए टी एम् मशीन गायब हो जाती है.. घर के सामने वाले पार्क में जहाँ कालोनी के लड़के नेटबाल और क्रिकेट खेलते थे... वहां लोग एक दुसरे कि आँख बचा कूड़ा फेंकते हैं... पार्क की घास की देख-रेख का काम मिनिस्पलटी को नहीं.. गायों का मिला हुआ है वो उसकी लम्बाई की ही देखभाल नहीं करती बल्कि गोबर से घास को पवित्र और उपजाऊ रखती हैं .. शाम को अँधेरे में पार्क की बेंचो पर अजनबी लड़के- लड़किया गले में हाथ डाले चिपक कर बैठे होते हैं जिन्हें देख कर अनदेखा करना गैरत ने सीखा दिया है... घर के पड़ोसियां ने अपने घर दुमंजिले कर लिए हैं...बढ़ते परिवार को साथ रखने के लिए नहीं... किरायेदारों को आसरा देने के लिए... सड़क के साथ जो नहर थी उसको दफना कर सड़क चौड़ी कर दी गई है... पैदल चलने के लिए फुटपाथ नहीं... पक्की सड़क है और ट्रक, गाड़ी, बसों, टेम्पो के बीच बूढ़े, बच्चे, जवान हर किसी में जान हथेली पर रख अपने कदमो के हिस्से की सड़क हथियाने की हिम्मत है... सड़क के दोनों ओर दुकाने और ब्यूटी पार्लर कुकरमुत्ते की तरह उग  आये हैं ...  
शहर के साथ वह भी बदल गया.. चेहरा बदल गया है, बालों का रंग बदल गया है, आँखों की रौशनी बदल गई है, वह ससुर और फिर दादा बन गया है ......

"आप ही सूरजभान शर्मा है? गेट पर खड़ा पुलिसवाला पूछता है..
"जी हाँ..." मैं अखबार से मुह हटा कर उसे एक तरफ रखते हुए कहता हूँ
"आपके यहाँ चोरी हुई थी?" वो गेट खोल कर बरामदे में घुस आया...  
"नहीं तो..." मैं कुर्सी से उठ कर खड़ा हो गया..
"आपका पानी का मीटर चोरी हुआ था?.."
"फिलहाल तो वह भी चोरी नहीं हुआ "...बाहर बरामदे में लगे मीटर को देखते हुए कहा..
"केस ख़त्म हो चुका है यह रहा आपका मीटर..." उसने प्लास्टिक के थैले से निकाल कर मेज पर रख दिया और मुझे एक कागज़ पर दस्तखत करने को कहा...
मीटर ने मुझे फ़ौरन पहचान लिया ... पुलिसवाले के जाने के बाद देर तक मीटर को घूरता रहा.. उसे उठाकर अलट-पलट कर देखा...आँखों से दूर ले जाकर देखा.. आँखों के नज़दीक लाकर देखा...उसकी सुइया वहीं रुकी हुई थी.. वह बिलकुल नहीं बदला था ... टप- टप पानी गिरता नज़र आया .... हथेली मली वह बिलकुल सूखी थी... फूंक मारकर उस पर जमी धूल साफ़ की..कुरते से उसे रगड़ा और पास पड़ी कुर्सी पर टिका दिया..  बरामदे की चार दिवारी से बाहर देखा.. पार्क की घास कुछ ज्यादा हरी लगी ... और बेंचो पर एक दुसरे से सटी बैठी छाया देखकर झल्लाया नहीं मुस्कुरा दिया .. गेट पर लगे अशोक के पेड़ से चिड़िया के चहचहाने की आवाज़ आई.. नज़रें ऊपर उठी और आसमान की तरफ गई ... वो भी मुस्कुरा रहा था और उसकी नीलिमा पर बादलों ने लिखा था.. यहाँ देर है अंधेर नहीं...

फोटो- गूगल सर्च इंजन से

Friday, 26 February 2010

"आई कैन एशियौर यू .. आई शेल नेवर नीड देम..."


पिछले तीन महीने से रीटा रात को यह सोच कर सोने जाती है सुबह को वह कभी ना उठे तो बेहतर होगा.. थोमस के आ जाने से भी सुबह को कभी ना उठने की ख्वाइश कम नहीं हुई है.. उसके जिगर का टुकड़ा उसकी ख़ुशी नहीं सिर्फ व्यस्त रहने का माध्यम बन कर रह गया है... नन्ही सी जान की मुस्कराहट में मां को ज़न्नत नसीब होती है पर यहाँ ना तो उसका दिल पसीजता है और ना ही दूध उतरता है... वो रात ग्यारह बजे उसे फार्मूला मिल्क देती है वह सुबह पांच बजे तक चुपचाप सोता है .... जब सुबह में वह दूध के लिए रोता है वह उसके रोने पर नहीं ... अपने ज़िंदा होने पर झल्लाती है... परदे सरकाने, रौशनी भीतर आने, घड़ी कि टिक-टिक, दूधवाले के ट्रक की टीम-टीम, फोन की घंटी, पोस्ट मेन की आहट, पड़ोसियों की मुस्कराहट और स्कूल जाते बच्चे सभी से वह बचती है और शुब्ध है.. और सबसे ज्यादा घबराहट और तनावग्रस्त है बंद लिफाफों से, जिन्हें वह खोलती नहीं और फाड़ती भी नहीं.... उन्हे बिना खोले ही भीतर के धुएं को सूंघ सकती है .... बंद लिफांफों का ढेर लग गया है कुछ रीटा एमरी के नाम से हैं और कुछ डेविड पोलार्ड के ....वो बंद लिफ़ाफ़े दिन भर उसे घूरते हैं, चिल्लाते हैं, धमकी देते हैं तुम बेघर हो जाओगी, बिजली और गैस कट जायेगी, तुम्हें कोर्ट में घसीटा जाएगा, सामान कुडकी हो जायेगी, तुम्हारा ए टी एम् कार्ड मशीन निगल जायेगी... तुम्हें मदद चाहिए हम मदद करेंगे ... तुम्हारे सारे क़र्ज़ चुका देंगे...तुम यहाँ साइन कर दो, अपनी हर महीने की कमाई और सुख- चैन हमेशा के लिए हमारे पास गिरवी रख दो... उसे ऐसा लगता है उसके चारों ओर अविश्वास और अनिष्चितायों का मकड़- जाल डंक फैलाए बैठा है.

डेविड और रीटा एक दोस्त के घर मिले थे ... जल्दी ही यह मुलाक़ात प्यार के रिश्ते में बदल गई .. रीटा को छत्तीस की उम्र में प्यार नसीब हुआ था और डेविड उसकी जिंदगी का पहला प्यार था .. जबकि डेविड की जिंदगी में प्यार इतनी बार आया-गया कि वो उसकी गिनती भूल चुका है लेकिन वो अक्सर रीटा से कहा करता वह औरों से एकदम अलग है उस जैसी उसके जीवन में पहले कभी नहीं आई.. उसको अब तक सिर्फ उसका इंतज़ार था ...दोनों के बीच ढाई सौ किलोमीटर की दूरी थी जिसे वह सप्ताहांत में मिटा देते... एक शुक्रवार को डेविड रीटा के शहर के लिए रवाना होता और अगले शुक्रवार को रीटा डेविड के घर ... रीटा अपने माता -पिता के पास रहती थी और डेविड को उनका आस -पास होना उतना ही नापसंद था जितना रीटा के माता -पिता को रीटा और उसका साथ...पर वो सप्ताह अंत में एक दुसरे से जरूर मिलते ...डेविड ने रीटा को अपनी कम्पनी में एडमिनिस्ट्रेटर की वेकेंसी की इतला दी ...तीन महीने बाद नौकरी उसकी थी और वह अपने माता - पिता का घर छोड़ उसके शहर में आ गई, दोनों बड़े फ्लेट में जाने के बाद उसे सजाने में व्यस्त हो गए...

पानी की तरह साफ़ साझेदारी थी दोनों के बीच .. फ्लेट का आधा-आधा किराया, गैस और पानी का बिल रीता के अकाउंट से, बिजली और कौंसल टेक्स डेविड के अकाउंट से... सुपर मार्किट की शौपिंग एक सप्ताह रीटा और अगले सप्ताह डेविड, गाड़ी की इंशोरेंस की ज़िम्मेदारी डेविड की और रोड टेक्स रीटा खरीदती, पेट्रोल एक बार रीटा तो अगली बार डेविड भरवाता ..कितने का भरवाना है वह भी निश्चित था .... इसी तरह से वो पिछले पांच वर्षों से इकट्टे रहे थे .

रीटा का बहुत मन था एक दिन डेविड शादी का प्रस्ताव रखेगा लेकिन डेविड शादी जैसे बंधन में यकीन नहीं रखता लेकिन वह उसे माँ बनने से ना रोक सका... रीटा ने जब उसे खुशखबरी दी तो वह अगले दिन उसके लिए फूलों का गुलदस्ता लेकर आया ... और जब सात महीने का थोमस रीटा के गर्भ में किक मार रहा रहा था.. तब डेविड पांच महीने पुराने प्यार के पास रहने के लिए अपना सामान समेटते हुए बेडरूम में चहल कदमी कर रहा था.. उसे उम्मीद थी फ्लेट के साथ शायद डेविड गाड़ी भी उसके पास छोड़ देगा क्योंकि गाड़ी का लोंन रीटा अदा कर रही है पर उसे खरीदने के लिए डेविड ने अच्छा खासा डिपोजिट दिया था.. लेकिन वो गाड़ी अपने साथ ले गया ... जाती हुई गाड़ी की आवाज़ उसके लिए छोड़ गया जिसे उसके कान ना जाने क्यों दिन में कई बार सुनते हैं .. यह क्या कम है टी वी और वाशिंग मशीन उसने खरीदे थे वो उन्हे नहीं ले गया.... मां का साथ देने के लिए थोमस अपनी निर्धारित तिथि से तीन सप्ताह जल्दी पैदा हो गया ... थोमस भी शायद फ्लेट के टी-वी और वाशिंग मशीन की तरह है डेविड उसे क्लेम करने और देखने नहीं आया .. उसने अपने गर्भ में थोमस की नहीं अपने जन्म की भी प्रसव -पीड़ा महसूस की....

रीटा का इस शहर में अपना कोई नहीं है दुसरे शहर में जो अपने हैं वो हर साल क्रिसमस कार्ड भेजने के लिए सिर्फ उसका पता जानते हैं .. उनके पास ना तो रीटा का फोन नम्बर है और ना ही थोमस के पैदा होने की खबर ...... दफ्तर के मित्र अक्सर फोन पर पूछते हैं वो दफ्तर कब वापस आ रही है... वो अक्सर सोचती है वह बिल्डिंग, लिफ्ट, सातवीं मंजिल, कारीडोर, मीटिंग रूम , प्रिंटर, फेक्स मशीन, केन्टीन और ओपन प्लान आफिस स्पेस, डेविड और उसकी नयी प्रेमिका, जिसको उसी ने अपोइन्ट किया था, यह सब कैसे उनके साथ रोज आठ घंटे के लिए बाँट पाएगी ? इस तनाव से छूटकारा पाने के लिए उसने एक निर्णय लिया, थोमस के सो जाने बाद एक पत्र लिखा, उसे लिफ़ाफ़े में बंद कर, उस पर दफ्तर का पता लिख, पोस्ट करने के लिए पर्स में सरका दिया...

"तुम्हारा नाम रीटा है" वोटिंग रूम में नर्स आकर पूछती है..
वो चौंक कर सर हिलाती है और नर्स के पीछे - पीछे डाक्टर के कमरे में दाखिल होती है..

आज थोमस दो महीने का हो चुका है उसे पोलियो, मीज़ल्स, वूपिंग कफ के टीके लगने हैं... टेक्सी के पैसे बचा वह दो बसें बदल कर जनवरी के बर्फीले मौसम में पंद्रह मिनट देर से क्लीनिक पहुंची है...
"ही इज डूइंग फाइन" लेडी डाक्टर ने थोमस का वजन लेते हुए गाल थपथपा कर कहा और टीका तैयार करने लगी..
"थोमस का पिता साथ नहीं आया, मैंने तुमसे पिछली बार भी कहा था...तुम दोनों से मैं फेमली प्लानिग के बारे में बात करना चाहती हूँ"
"मुझे उसकी ज़रुरत नहीं है ..." रीटा ने ज़मीन पर निगाह गड़ाए हुए कहा
"अक्सर सभी ऐसा सोचते हैं आई नीड टू डिस्कस वेरियस फेमली प्लानिग आप्शन विद यू ..." डाक्टर ने थोमस को टीका लगाते हुए कहा.. वह सुई चुभते ही जोर से चीखा और चुप हो गया... "

"आई कैन एशियौर यू .. आई शेल नेवर नीड देम डाक्टर! ... " अचानक रीटा ने बड़े आत्मविश्वास से डाक्टर की आखों में आँखे डाल कर कहा... ऐसा कहने के बाद उसने महसूस किया वह डेविड ही नहीं दुनिया के तमाम पुरुषों से मुक्त हो गई है वह बेचारी नहीं है अपने हितों, भावनाओं, संवेदनाओं की सुरक्षा करना उसके वश में है, अनेपक्षित परिस्थितियों और चुनोतियों से जूझने की क्षमता वह रखती है वह जीना चाहती है, उसे अपने -आप को पुनर्जन्म देना होगा, ... डेविड के मिलने से पहले और डेविड के जाने के बाद की रीटा..डेविड की रीटा से अधिक सम्पूर्ण और शक्तिशाली है यह उसे दुनिया को नहीं स्वयम को साबित करना है...

वो क्लीनिक से बाहर निकल दफ्तर की दोस्त को फोन लगाती है.. कोई जवाब ना आने पर वह मेसेज छोडती है
"शैरन तुम मुझे एक अच्छी चाइल्ड माइंडर का नंबर देने वाली थी... आज ही एस एम् एस कर दो प्लीज़ .. "

चलती - चलती पोस्ट बाक्स के पास रुक जाती है ... पर्स से कल रात लिखा बंद लिफाफा निकालती है उसके चार टुकड़े कर, साथ रखे कूड़ेदान के हवाले कर मुस्कुराती है.... पुश चेयर में सोते हुए थोमस का कम्बल ऊपर कर उसके ठन्डे हाथों को कम्बल से ढक, एक लम्बी सांस खींच..अपने फौलादी हाथों से पुश चेयर धकेलती हुई बस स्टॉप की तरफ बढ़ जाती है...

फोटो - गूगल सर्च इंजन से

Wednesday, 10 February 2010

बाबुल का घर हज़ारों मील नहीं उससे कुछ कोस दूर है...

अगस्त का महिना है, आकाश बिल्कुल साफ है ... इस मौसम में आकाश पर बाद्लों का अधिपत्य होता है फिर भी वो अक्सर जगह दे देते हें सुरज को धरती छुने की और किरणों को जीवों से लिपटने की ...धुली पत्तिया नहा कर सुरज पहने हैं और ख़ुशी - खुशी हवा के साथ् मन्द- मन्द झूल रही हें.... छुट्टी के दिन जब भी ऐसा होता है लोग चींटियों की तरह घर से बाहर निकाल आते हें.. पर्यटन स्थल तो फिर भी उजड़ा रहता है लेकिन कार पार्क जरूर भर जाता है... वो दोनों अपने परिवारों के साथ पिकनिक पर आए हैं वे एक पहाड़ी पर खड़े हें ...और पूरी वादी उनके काले चश्मों में सिमट आई है पहाड़ी के नीचे एक छोटा सा स्टेशन है.. प्लेटफार्म पर बहुतसे पर्यटक खड़े हैं.. दोनो की नज़र बच्चों पर है वो हाथ में आइसक्रीम लिए उन्हे हाथ हिला रहे हैं बच्चों के साथ खडे स्त्री और पुरुष ऐसे हंस रहे हैं जैसे उनमें से एक ने दुसरे को कोई चुटकुला सुनाया हो .. वो उनकी हँसी और चेहरे के हाव- भाव से अंदाजा लगा रहे हैं कि चुटकुला नॉन वेज है ..बच्चे चिल्ला कर कुछ कह रहे हैं लेकिन उन तक आवाज़ नहीं पहुँचती ... वह दोनों .. मुस्कुरा कर बच्चों और बड़ों दोनो को हाथ हिला कर जवाब देते हें...

अचानक वो कहता है मैं अगले वर्ष अगस्त में यहाँ नहीं हूंगा ... उसके पाँव के नीचे की ज़मीन धसने लगती है .और धूप गर्म लगती है.. .. ऐसा सभी कहते हैं लेकिन उसे मालूम है वो जो कहता है वह करता भी है....वह वापस लौटना चाहता है कुछ तो वह समझ सकती है और कुछ नहीं भी...उसे कम्फर्ट जोन नापसंद है और उसके लिए चुनौतियों का अभाव है ...

एक मुकाम हासिल किया है उसने पिछले सात वर्षों में.. नौकरी, अहोदा, वेतन, बोनस, गाड़ी, घर ... वेतन से लेकर गाड़ी का मेक और इंजन साइज़ सब चार गुणा हो गए हैं कम्पनी ही उसका घर और गाड़ी बदलती रहती है और उसके खर्च और खुशी का आयाम वही है जैसा सात वर्ष पहले था.. आम! और देसी! ...सभी को उसकी सफलता का सफ़र एक हाव वे की तरह नज़र आता है जिसमें ना तो कोई गति अवरोधक है और ना ही कोई रेड लाईट ..यदि हों भी तो .. उसकी हंसने और हंसाने वाली बातें हा ..हा...ही ..ही की प्रतिध्वनी उन पर पल में ही फ्लाई ओवर खडा कर देती है और वह अपनी उपलब्धियों को लेकर उसी तरह लापरवाह है जैसे अपने पर्स और सामान के प्रति..उसकी जेब को खाली रहना पसंद है इसीलिए पर्स और जेबों की तना -तानी रहती है ... और अक्सर जेब जीत जाती है ... लन्दन की लोकल ट्रेन में किताबें, अपने लिए खरीदी कमीज़, टाई, जुराबें, छाते, बच्चों के लिए खरीदी फूट्बाल, कापी, पेन्सिल छोड़ना इतनी आम बात थी कि जिस दिन खरीदा समान सुरक्षित घर पहुंचता तो वो खुद और घर वाले हेरान होते ... छुट्टियों से लौटने पर यदि कैमरा सामान में निकल आता तो यह बात, महीने भर के लिए, परिवार, मित्रों और सह्कर्मियों के बीच हेडलाइन बन जाती...

माता-पिता भी अक्सर महीनो उसके पास रह कर लीची और आम के मौसम में वापस लौट जाते और उसे हमेशा शिकायत रहती वह उसे कम और दरख्तों को ज्यादा प्यार करते हैं ... हिन्दुस्तान से आए दोस्तों और रिश्तेदारों का उसके घर आकर ठहरना इतनी आम बात थी कि उसकी अनुपस्थिति में उनको चाबी मिलने में असुविधा ना हो इसलिए घर की दो चाबी दो पड़ोसियों के पास होती ... ... अपने आई एम् एम् के सहपाठियों को ढूढ़ कर सिर्फ सोशल सर्केल ही नहीं बढ़ाया बल्कि उनके गेट टूगेदर आयोजित करने शुरू कर दिए हैं ... उसके इर्द -गिर्द सप्ताह अंत में आने -जाने वालों, होली, दिवाली, न्यू इयर, जन्म- दिन, हाउस वार्मिंग अवसरों को मनाने वालों कि कमी नहीं थी ... अन्ताक्षिरी और नाच गाने में तो वही जितायेगा, चिढाएगा, हंसायेगा और रुलाएगा भी...

वह यू एस की नौकरी ठुकरा कर यू के आया था .. तुम्हारे वहाँ होने से मेरे लिए यह फैसला लेना कितना आसान हो गया उसने फोन पर कहा था ... यह सब उसे एक सपने कि तरह लगा तब, पर यह सपना सिर्फ सपना रह जाने के लिए नहीं था .. एक महीने के भीतर ही सात हज़ार किलोमीटर कि दूरी को दो सौ बीस किलोमीटर की दूरी में बदल गई थी और उसके बाद तो हर दो -तीन महीने में फोन पर कह देता .. मैं तुम्हारे शहर में हूँ मीटिंग के बाद घर आउंगा.. वो दफ्तर जल्दी छोड़ ..घर भागती है ... अरहर दार, पुदीने कि चटनी, भिन्डी और गर्म फुल्का... .

"इस खाने में मां के हाथ की खुशबू आती है... " वो फूल कर कुप्पा .. आंखों में चमक आ जाती ..
"अरे तुम आ जाते हो इसी बहाने मुझे भी ताज़ा खाना मिल जाता है और यह अनार का जूस भी घर में तभी आता है ... वरना तो खाना नसीब हो जाए वही बहुत समझो..." कोई उपहास उड़ाता है
"मेरा और आपकी बीवी का प्यार आपके प्यार से बहुत पुराना है इसलिए मेरी खातिर तो होगी ही ... " कोई चट्नी चाटते हुए नमक मिर्च लगाता है ..
"क्यों लौटना चाहते हो? " उससे पूछे बैगेर नहीं रहा गया..
"बस मन भर गया यहाँ से.. यहाँ दोनो अमानतो को कली से फूल बनते देखा है वहां भाई की परी और टेनिस प्लेयर को बडे होते देखूंगा .. "
उसे रोकने के सभी अस्त्र - शस्त्र इस्तेमाल होने से पहले ही परास्त हो गए .. उसने भीगी आँखों से आसमान की   तरफ देखा और मन ही मन मुस्कुरा उठी ..

"बच्चों को तो गर्मी की छुट्टीयाँ ही नही मिलेगीं, यहाँ स्कूल बन्द हुए हें वहाँ जाते ही खुल जाएंगे.." लौटते समय बच्चो की माँ ने कहा ..
"अरे! भागवान! यह बच्चे कई सालों से छुट्टी पर तो थे यहाँ, असली स्कूल तो अब जायेंगे और स्कूल वाले साथ में तुम्हें भी पढ़ाएंगे ..."
छ वर्ष हो चुके हैं उसे लौटे .. एक सप्ताह के लिए यू एस और तीन दिन के लिए यू के अपने काम के सिलसिले में आ रहा है ... वो दफ्तर से छुट्टी नहीं ले सकी..

बाहर लेबनीज़ खाना खायेंगे, नहीं घर पर ही थाई फ़ूड बना लेते हैं, इन्डियन रेस्टोरेट बुक कर लें, इटेलियन भी खा सकते हैं .. रात को देर से पहुँचेगा टेक अवे ही ले आयेंगे ... सब सुझाव दे रहे हैं .. वह फ्रीज खखोलती है...
"बेंगलोर में इतनी बढिया घीया नहीं मिलती.. घीया चने कि दाल कितनी स्वाद बनी है .."
"तुम क्यों टेबल से उठी... नमक आ जाएगा..कौन पहले नमक लायेगा का कम्पिटिशन हमेशा क्यों जीतना चाहती हो?.."
"ओये! छोटी अमानत! चुपचाप दाल- रोटी खा... एक झापड़ दूंगा नहीं तो ..मेरी बहन को तंग किया तो .." वो मुह बिचकाती का हाथ पकड़ डायेनिंग टेबल कि तरफ खीचता है ...
"यह केक तुने घर बनाये हैं बड़ी अमानत?..बेकरी वाला तुझे पाकर धन्य होगा.. "  बड़ी अमानत उसके हाथ से केक छीन लेती है...
"अरे ऐसे केक खा कर तो कोई बैंकर भी बेकरी ख़ोल ज्यादा कमाएगा ... बर्बाद किये पांच साल मेडिकल कालेज में.. बड़ी अमानत!"... और वो झपट कर पूरा केक मुह में भर लेता है .. रसोई बेकिंग की खुशबू के साथ, हँसी की महक से भर जाती है और रसोई की टाइल केक के कणों से..

"मुझे तौलिया, पजामा , चप्पल और नया टूथ ब्रुश देना..शायद वहीं होटल में छूट गए .. "
"थेंक गाड, मामू! ईट वाज़ नोट लेपटोप, पासपोर्ट, वेलेट एंड कैमरा! ..."
  बड़ी अमानत को बदला लेने का मौक़ा मिल ही गया ...
"यहाँ की हरियाली और खामोशी बहुत सुन्दर है और यहाँ से हिन्दुस्तान और अमेरिका में काम करना भी आसान है..लौटने को मन करता है ." वो सन् लाउन्ज में किताब से मुह हटा कर चाय का कप पकड़ते हुए कह्ता है ..
"हाँ सुबह चार बजे से हिन्दुस्तान और रात बारह बजे तक अमेरिका ... हाउ सेड मामु ..."
बडी अमानत कोइ भी मौका नही चूकती ..
"और दिन भर फ्री टू चिल आउट बेबी ...." वो उसे चाय के साथ नाश्ता लाने का इशारा कर खाली मुह चबाते हुए कहता है...
 "मैं लन्दन का मकान बेचना चाहता हूँ वह सिरदर्द बन गया है.." वो जाते - जाते उससे कह रहा है शायद यह बात कहने का इससे बेहतर मौक़ा वो ढूंढ नहीं पाया...  
"साढ़े पांच साल से किराया मिल रहा है अभी छ महीने से किराया नहीं मिला तो क्या हुआ.. रिसेशन की वजह से हाउसिंग मार्किट भी डाउन है उस पर कोई लोन भी नहीं है ... जल्दी क्या है"
वो कोई जवाब नहीं देता.. सिर्फ मुस्कुराता है...
वो सिर्फ मकान, चार दिवारी और छत नहीं हैं उससे जुड़े रिश्तों की नींव बहुत गहरी है, उसके दरवाजों के हेंडल पर छोटे - छोटे हाथों के निशाँ है वो हाथ लीवरपूल और मानचेस्टर की फूटबाल टीम में खेलने के सपने देखते- देखते बड़े हो रहे हैं क्या पता वो लौटना चाहें वहाँ... फिर वो मकान उसकी उम्मीद है, एक अहसास है, एक संतोष है ... बाबुल का घर हज़ारों मील नहीं उससे कुछ कोस दूर है...

फोटो गूगल सर्च इंजन से

Saturday, 16 January 2010

जिस रिश्ते को तुमने उस रात वन नाईट स्टेंड होने से बचा लिया...



"पहचाना तुमने?..." वो अचानक प्लेट थामे भीड़ में रास्ता बनाते हुए उसके सामने आकर खड़ा हो गया..
"नहीं तो..." वो उसकी तरफ चेहरा उठा आँखें गोल करती हुई बोली.. "अरे! मैं तुम्हारा जूनियर रोहन ... जिसके प्रेम पत्र को तुमने बिना पढ़े चीथड़े - चीथड़े कर वापस थमा दिया था ".. वो उसकी आँखों में आखें डाल कर मुस्कुराते हुए बोला ...
"मुझे ना तो वह वाकया याद है और ना ही तुम्हारा नाम "... वो पीछा छुटाने के मूड में थी ...
" चलो कोई बात नहीं मैं बता देता हूँ तुम जे अन यू में मेरी सीनीयर थी और मैं तुम्हारा सीक्रेट एड्माईरर , डेलीगेशन लिस्ट में तुम्हारा नाम देखा और यकीन हो गया यह कोइ और अंकिता हो ही नही सकती और लंच तक तुम्हें ढूंढ निकाला ... अंकिता तुम आज भी उतनी ही खूबसूरत दिखती हो जितनी बारह साल पहले थी ... कांफेरेंस के बाद क्या कर रही हो? ...क्या हम इसके बाद मिल सकते हैं ? ".. उसने बिना कोई भूमिका बांधे अतीत और वर्तमान एक पल में कटे नीन्बू सा निचोड़ दिया...
अपना नाम उसके मुह से सुन कर उसका मन थोड़ा हेरान हुआ और चेहरा नरम ..
"क्यों फिर से लाइन मारोगे ?" अनायास ऐसा प्रश्न पूछ कर अजनबी के प्रति अपने खुलेपन से सकपका गई..
"नहीं! सीधा सेडीउस करूंगा !.. रिसेप्शन पर मेरा इंतज़ार करना!".. रोहन अपना चेहरा अंकिता के चेहरे के नज़दीक लाकर बोला .."सेडीउस" शब्द को सुनकर चौंकती निगाहों को नज़रंदाज़ करता वह हंसता हुआ वापस मुड़ गया ...
धडकनों की आवाज़ पसलियों से निकल कानो से टकराने लगी .. जैसे किसी अजनबी ने पुराने खनडर में दाखिल हो उसका नाम बार -बार पुकारा हो... उसकी गूंज उसे उद्वेलित कर रही थी ..., ढेरों सवाल उसके ज़हन में लहरों कि तरह उछलने लगे....हाल में बुफे लन्च करते लोगों के चेहरे उसके लिए अद्र्श्ये हो गए और भीतर की हलचल वातावरण के कोलाहल पर हावी हो गई ..

बारह साल बाद, आठ हज़ार मील दूर एक जूनियर का इस तरह टकरा जाना और इतनी अतरंगता और सहजता से मिलना उसे अचम्भित ही नहीं ..भीतर तक हिला गया.....वो औपचारिकताओं की आधीन है और इस तरह का अपनत्व और निमंत्रण की आदि नहीं रही.. बचे सेंडविच और वेफर की प्लेट मेज़ पर सरका, कांफेरेंस पेक के पन्ने पलटने लगी दस मिनट में शुरू होने वाली वर्क शॉप .. जिसे वह संचालित करने वाली है रोहन का नाम वहां ना देखकर राहत कि सांस ली ...

वर्कशाप के आरम्भ, मध्ये, अंत के वार्तालापों... चवालीस आखों को विषय पर केन्द्रित करने कि कोशिश... स्क्रीन पर बदलती आसमानी स्लाइड्स... पानी के ग्लास को बार -बार होठों पर लगाने... एयर कंडिशनर से निकलती बासी हवा और चार्ट पर मारकर पेन कि सरसराहट के बीच... मस्तिष्क के कांटे उससे एक ही सवाल करते रहे .. वह अपने आप को एक अनजान का निमन्त्रण स्वीकार करने की इजाज़त दे सकती है या हमेशा की तरह होटल के कमरे के पराये से वातावरण में बोरियत और अकेलेपन को चाय की चुस्की के साथ सुड़कते हुए छ बार कांट- छांट किये प्रेजेंटेशन को सिर्फ बारीक कंघी से संवार सकती है ...


कांफेरेंस समाप्त होते ही उसकी नज़रों से बचने के लिए वह हाल से पहले निकलने वालों में थी ...
"अंकिता ...." उसने अपना नाम सुना ..वो रिसेप्शन पर पहले से ही मौजूद था ...उसे झल्लाहट हुई इतनी जोर से उसने उसका नाम लिया है .. कांफेरेंस हाल से निकलते लोगों नज़रें उस पर थी .. .. ..
"तुम ठहरो! मैं यह बेग कमरे में रख कर आती हूं .. यहीं छठी मंजिल पर है कमरा.." रोहन को देखते ही वह बोली...जैसे उसकी चोरी पकड़ी गई हो..
"समझ लो! तुम्हारा बेग छठी मंजिल पर तुम्हारे कमरे में पहुँच गया "..रोहन ने उसके हाथ से बेग ले लिया .. बिना उसका जवाब सुने वह बाहर निकल सीढियां उतरने लगा .. अंकिता के तेज़ चलते कदम रोहन के क़दमों कि रफ़्तार पकड़ने को बाहर लपके ...

"हम कहाँ जा रहे हैं..."
"मेरा एपार्टमेंट यहाँ से एक किलोमीटर कि दूरी पर है आज तुम्हें मैं अपने हाथ का बना खाना खिलाउंगा.."
"तुम्हारा एपार्टमेंट?"
" मैं तीन महीने से कम्पनी के खर्चे पर यहाँ हूँ और परसों वापस लौट रहा हूँ ..बस! तुमसे मिलना बाकी था.."
"नही! खाना कहीं बाहर खायेंगे..." उसने सख्ती से कहा...
"अरे! एक तो तुम्हारे पर्स का ख्याल है तुम्हारे देश में मेहमान होकर भी तुम्हें खाने पर बुला रहा हूँ मुझे तुम इस सुख से वंचित ना करो...
"डरो मत! एक पट्ठा और भी मेरे साथ रहता है..."
यह  उसका आश्वासन था या मज़ाक? अंकिता निर्धारित करने की कोशिश कर रही थी ... वह इस बात से हेरान थी कि उन दोनों के बीच के सभी निर्णय वह ले रहा है और उसके दीमाग के काँटों और दिल की आशंकाओं को परास्त कर रहा है रोहन के साथ चलते हुए अब उसे अपने से हाथापाई करने कि ज़रुरत महसूस नहीं हो रही और वह अजनबी पर भरोसा कर सकती है यह उसका अंतर्मन कह रहा है....

जेब्रा क्रासिंग पर सड़क पार करने को रोहन ने उसका हाथ ऐसे थमा जैसे पांच साल के बच्चे सड़क पार करवा रहा हो ... सड़क पार करने पर भी उसने हाथ नहीं छोड़ा और अंकिता यही सोचती रही कि हाथ कैसे छुड़ाया जाए और कठपुतली सी उससे एक कदम पीछे चलती रही...

"तुम्हें कोई एतराज़ तो नहीं इस पीक आवर की भीड़ और ट्रेफिक में कहीं तुम्हें खो ना दूँ ..." ऐसा कह कर उसने अंकिता को हाथ छुड़ाने की पशोपश से भी मुक्त किया...रोहन एक ऊँची इमारत के आगे रुक गया और उसका हाथ छोड़ .. अंगुली से इशारा कर..अपने अपार्टमेन्ट की खिड्की दिखाने लगा .. जहाँ उसकी कमीज़ सूख रही थी..

शीशे के दरवाज़ों को धकेल्ने से पहले .अंकिता के लिए दरवाज़ा पकड़ कर खड़ा हो गया.... लोबी में घुसते ही वह टूटी-फूटी फ्रेंच में केयर टेकर से बात करने लगा ..उनकी बात से उसे अंदाजा हो गया कि रोहन का फ्लैट मेट ..डिनर के लिए बाहर गया है देर से लौटेगा .. केयर टेकर ने उन दोनों कि तरफ मुस्कुराते हुए रोहन को चाबी दी ... लिफ्ट का इंतज़ार करते हुए वह उसके कानो के नज़दीक आकर बोला ...

"बहुत लकी हो...तुम्हारे साथ-साथ मुझे भी पट्ठे से छूटकारा मिला.. उसकी तारीफें उसके मुंह से सुन- सुन कर हम दोनों इतना एडवेंचरस समय गुजारते की तुम भविष्य में किसी का निमंत्रण स्वीकार करने से बेहतर आत्महत्या करना ज्यादा पसंद करती ...वैसे मैं भी उस खिड़की पर खड़ा होकर कई बार सोच चुका हूँ .. " वो अंकिता के होठों पर मुस्कान लाने में सफल रहा .. दोनों लिफ्ट में चुपचाप थे .. रोहन एकटक उसकी और देखता रहा और वह उससे और लिफ्ट में लगे शीशों से नज़र चुराती रही..


ज़मीन पर बिखरी मैगजीन, खुला लेपटाप, टेबल पर अनगिनत गोल- गोल चाय के निशाँ, भरी एशट्रे, खिड़की में ख़त्म हुई चाय के खाली कप, कुर्सी पर पड़ा तौलिया, टेबल लेम्प के पास बिखरी डाक और सी दी, इधर उधर मुसे हुए टिशु बता रहे थे इस एपार्टमेंट में रहने वाले कौन हो सकते हैं... उसने कुर्सी से तौलिया हटा कर बैठने के लिए जगह बनाई.. खुद नीचे कालीन पर बैठ गया ...
दो कप मीठी चाय, दो कप काली चाय, कमरे कि चार दिवारी, दोनों के बीच से गुजरती अनछुई मासूम हवा.. आँखों में जाल बुनता विश्वास ... तीन घंटे जैसे तीन पल ...दोनों सिर्फ एक शाम की तन्हाई बांटना चाहते थे किन्तु दो चेहरों ने बिना किसी मुखोटे के ..जिंदगी का हर वो पन्ना बाँट लिया जिससे वो स्वम भी अनिभज्ञ थे... वो हेरान थे उनके पास इतना जमा था एक दुसरे से बांटने को ...जो वह आजतक किसी और से नहीं बाँट पाए . ..जीवन में पड़ी सिलवटों को, हिस्से में आई ठोकरों को, ना मिले मुट्ठी भर आसमान को, जीवन के इंद्र धनुष रंगों को, जिंदगी के कोनो में छुपी ख़ुशी को, दिन के उजाले में देखे सपनों को, विकल्पों के अभाव को, मजबूरियों को, उपलब्धियों को, टिक टिक पर बसी चुनोतियों को, मानसिकता पर जम आई धूल को, रोज मुंडेर पर आकर बैठने वाली लालसाओं को, बेबाक कल्पनाओं को, रिश्तों से मिले अपनेपन और उपहास को, जाने -अनजाने में हुए गुनाहों को ...बिना किसी लागलपेट के एक दुसरे से बाँट सके ... दोनों एक दुसरे को वहां छु सके ..जहाँ अभी तक किसी ने नहीं छुआ था ... आत्मा की खामोशी को छुआ और उसे भीतर सहेजा बिना किसी आपेक्षा और उम्मीद के... उस कमरे की  हवा पंखुड़ी जैसी हलकी और खुशबूदार थी ...मन और आत्मा को एक दुसरे के सामने निर्वस्त्र कर स्त्री -पुरुष के आकर्षण की विवशता की जगह दोनों के बीच इंसानियत का आहान था .. दो इंसानों के बीच संवेदनशीलता, जागरूकता और सघनता थी ... ...दोनों ने आजतक कभी दीवारों को भी नहीं बताया था कि रोहन को शब्दों से खेलना अच्छा लगता है और अंकिता को केनवास पर रंगों से.... शायद किसी ने कभी उनसे पूछा ही नहीं...
दोनों ने चुपचाप खाना खाया ... उनके बीच की खामोशी... बातों से भी गहरी और बातूनी थी..
रोहन कि नज़रें तो जैसे उसके चेहरे पर फ्रीज़ हो...पलक झपकना भी भूल जाती..जब भी ऐसा होता ...वह असहज होने लगती ..अपनी असहजता छुपाने को उसने खामोशी तोड़ी और बोली...
"बेंगन का भरता अच्छा बना है..."
"और दाल?.."
"पानी और नमक दोनों ज्यादा हैं .."
"तुम दाल-चावल छोड़ दो ...इसी तरह दो-दो दाने चुगती रहोगी तो सुबह तक ख़तम करोगी..
उसने वहीँ चम्मच प्लेट को सौंप दी ...
अंकिता ने बर्तन रसोई में रखने के लिए रोहन कि मदद करनी चाही.. रोहन ने उसके हाथ से प्लेट ले ली और बोला .. "तुम यह वाइन का ग्लास खाली करो इसे सिंक को पिलाने में मुझे अति कष्ट होगा.."

वह पानी, बर्तन और उसके गुनगुनाने की आवाज़ सुनती रही.. अपना कोट पहन वह पर्स और बेग समेटने लगी ..
" साड़े दस हो चले हैं चलो काफी बाहर पियेंगे और तुम्हें मैं होटल छोड़ दूंगा .."
"मैं काफी नहीं पीती..."
"तो मुझे पिला देना.."
सडकें खाली थी, हवा में नमी थी, हलकी -हलकी बारिश हो रही थी, .. बोलती खामोशी उनके साथ थी... "तुम्हारा हाथ पकड़ सकता हूं?..." वो चौंक गई .. इससे पहले कि वो हाँ या ना कहती रोहन की हथेलियाँ उसकी अंगुलियाँ गिनने लगी.. आसपास का ट्रेफिक, लेम्प पोस्ट, होटल और दुकानों के चमकते साइन बोर्ड और विज्ञापनों कि चकाचौंध उसे ऐसे दिखी जैसे हवाई जहाज से ज़मीन दिखती है ..
वह हर कफे में घुस कर देखता और मना कर देता .. कहीं उसे भीतर का शोर बुरा लगता, कहीं वेटर की शक्ल तो कहीं केफे की दीवारों का रंग ..
"लो! तुम्हारा होटल आ गया, अब यहीं काफी पीते हैं.."
अंकिता ने एक काफी का आर्डर दे .. रिसेप्शन से चाबी ली..होटल का रेस्तरां बंद हो चुका था...
कमरे की रौशनी में उसे देख कर रोहन बोला अरे तुम भीग गई हो.. कपड़े बदल लो..कह कर वह सोफे पर बैठ गया.. अंकिता ने कोई जवाब नहीं दिया और वह सोफे से दूर बिस्तर पर बैठने वाली थी तो रोहन ने इशारा किया सोफे पर बैठने के लिए.. वह उसके पास बैठ गई ...दोनों के बीच में छ इंच का फासला था..वहउसका हाथ अपने हाथ में लेकर नसे दबाने लगा...वह सवाल पूछ रहा था हाथ पर निशाँ देखकर ...किन्तु वह कुछ नहीं सुन रही थी .. सिर्फ उसकी गंध को साँसों में महसूस कर रही थी..

वह सोफे से उठकर उसके ठीक सामने कालीन पर नीचे बैठ गया ...और उसके दोनों पाँव हथेलियों में भरकर बोला.."यह पाँव कितनी सारी यात्राएं करके आज यहाँ पहुंचे हैं".. उसने अंकिता का हाथ पकड़ा और धीरे से अपनी और खींचा ...अंकिता रोहन कि बाहों में थी...अंकिता धीरे -धीरे एक ही शब्द बुदबुदा रही थी ..नहीं ...नहीं...नहीं.. रोहन से ज्यादा वह अपने आप से प्रतिरोध कर रही थी किन्तु रोहन के साथ अंकिता का शरीर भी उसके होंठों की बात नहीं मान रहा था .. उसका गला सूखा गया और माथा भीगा गया...

"मुझे प्यास लगी है ..." उसने कश्ती किनारे बांधने के लिए रस्सी फेंकी ...
"क्या तुम एक रात के लिए अपने आप को भूल नहीं सकती..." रोहन ने उसके कान में फुफुसाया..
"नहीं..."
सुनते ही अंकिता को अपने आगोश से मुक्त कर..रोहन खड़ा हो गया ... अंकिता ने पानी की बोतल मुंह से ऐसे खाली की जैसे किसी मेराथन से लौटी हो ...
"क्या तुम चाहती हो मैं अब चला जाऊं ?.."
"हाँ!.." अंकिता का मुह और सर दोनों एक साथ बोले ..
"चलो! मुझे नीचे तक छोड़ने नहीं आओगी?..."
"चलो!.. वह आँखें नीची किये बोली
" तुम यहीं खड़ी रहना जब तक मैं तुम्हारी आँखों से ओझल ना हो जाऊं.." वह होटल के मुख्य द्वार पर पहुँच कर बोला.. अंकिता के होठों ने इस बार रोहन की मुस्कान का जवाब मुस्कान से दिया..वह उसकी छाया को छोटे होते हुए देखती रही... अचानक छाया रूककर वापस उसे देख कर हाथ हिला रही है उसने भी हाथ हिलाया ... लेकिन छाया वहीं खड़ी हो गई है ...उसने कुछ पल इंतज़ार किया... लेकिन छाया नहीं हिली ... वह आखरी बार हाथ हिला कर अपने कमरे में लौटी तो लगा ...
कमरे की चार दिवारी, सोफा, गिलास, बेग, अलमारी, पलंग, बिस्तर, दीवार पर टंगी पेंटिंग, आइना उसे घूर रहे हैं और कमरे में रह गई रोहन की गंध के बारे में हज़ारों सवाल कर रहे हैं उसने जवाबों से बचने के लिए बत्ती बुझा दी ...लेकिन उस रात वह अपने अंतर्मन की उथल-पथल और सवालों से बच ना सकी....जिन्होंने जवाब ना मिलने पर अंकिता की नींद निगल ली ...
वह दो दिन बाद वापस लौट गया और अंकिता के पास एयर पोर्ट से उसका टेक्स्ट आया ... "यादगार शाम के लिए शुक्रिया... खुश रहना..वैसे तुमने उस रात होटल में मेरे साथ आबू गरीब के कैदियों जैसा व्यवहार किया... :-)
फिर मिलेंगे..
पांच वर्ष बीत गए और वह दोनों कभी नहीं मिले ... आज जब घर लौटी तो दरवाज़े पर एक पार्सल उसे घूरता मिला ... उसने उसे उठाया और बेरहमी से खोला... भीतर एक कविता की किताब निकली ..जिसका नाम था.."मुक्त-पल".... जिसमें लिखी एक-एक कविता को वह उसी तरह पहचानती है जैसे उसके चेहरे को आइना पहचानता है ... किताब के तीसरे पन्ने पर लिखा था ... उस अजनबी के लिए जिसकी छाया अंकित हैं मेरी जिंदगी के हाशिए में ... ख़ुशी उसकी आखों से सावन-भादों की तरह बरसी... वो पन्ने पलट रही थी ...और उनके बीच से हाथ से, नीली रोशनाई में लिखा एक कागज़ का टुकड़ा चमका ... .

"अंकिता मैं तुम्हारा बहुत आभारी हूं ...इस किताब के लिए नहीं ...हमारे बीच इंसानियत के रिश्ते के लिए ... जिसको तुमने उस रात सिर्फ वन नाईट स्टेंड होने से बचा लिया ... रोहन ..."
उसने दीवार पर लगी मोनालिसा की पेंटिंग को देखा ... अंकिता के होठों की मुस्कान मोनालिसा के होठों की मुस्कान जैसी थी ....अचानक अंकिता को मोनालिसा की मुस्कान का रहस्य मिल गया था....

foto-www.flickr.com


Wednesday, 2 December 2009

पचास गुलाब की खुशबू उसे काँटों सहित याद आएगी ...



घर वालों के साथ, गत्ते के तीन फीट ऊँचे डिब्बे में बंद, पचास लाल गुलाब भी बेसब्री से उसका इंतज़ार कर रहे थे.. घर में घुसते ही वह गाड़ी कि चाबी और पर्स टेबल पर फेंक डिब्बा खोलने बैठ गई ...उसने उन्हे डिब्बे से  बाहर निकाला, पानी से भरी थेली में बंधे और गोल्डन टिशु से लिपटे गुलाब की लाली पचास गुनी खुशबू के साथ उसके चेहरे पर खिल गई...

"पहली बार जिंदगी में मुझे किसी ने फूल भेजे हैं" ..."जन्मदिन मुबारक हो काश मैं भी तुम्हारे पास होता"... उसने बड़े उत्साह से भेजने वाले का नोट पढ़ा .. ... "अरे! सिंक ऊपर तक भर गई है पत्तियों के ढेर से" ..." लो दस्ताने पहन लो नहीं तो कांटे चुभ जायेंगे ..".... "यह क्या आपने सारी पत्तियां तोड़ डाली .."हरा धनिया थोड़ी ना है ऊपर की तो थोड़ी रखनी थी " ... " यह इस गुलदस्ते में नहीं आ रहे बड़ा गुलदस्ता लाओ ना..."  उसकी आवाज़ और पैर आसमान में थे .. हवा में चारों तरफ ख़ुशी तैर रही थी....वो फूल पचास राजदूत कि तरह एक राजकुमार का पैगाम एक राजकुमारी के लिए लेकर आये थे ....जिस हाँ का वो कई दिन से इंतजार कर रहे थे आज उसके बिना कहे उन्होंने उसकी आँखों में पढ़ ली...
गुलाब कि खुशबू ने कमरे के चारों कोनो, दीवार, छत, परदे, पेंटिंग, सोफा, टेबल, लेम्प, फ्रेम, केंडल स्टेंड, बुद्धा कि मूर्ति, क्रिस्टल बोअल, कुशन, कालीन हर खाली और भरी जगह पर अपने वहां होने का ऐलान कर दिया, उनके लाल रंग कि अलग पहचान थी जैसे तारों के बीच चाँद की होती है... कमरे में बैठते - उठते गुज़रते वो आखों को बुलावा देते और नाक को चढ़ावा...
अगले दिन जब पूछने पर उसने अपना फैसला सुनाया तो पचास गुलाब के कांटे एक साथ उनके दिल और शरीर में चुभे ... उसके फैसले के आगे सर झुका लेना मज़बूरी थी और ऐसे वक्त में उसे गले लगा लेना कर्तव्य... पर उसके प्रति उनका क्या कर्तव्य था जिसने यह गुलाब भेजे थे और जो कुछ दिन पहले उसकी एक पुकार सुन कई बागीचों के फूलों को अनदेखा कर, पहाड़ों की आवाज़ को अनसुना कर, सात समुन्दर पार, धरती के एक कोने से दुसरे कोने में दिल लेने और देने आया था ....

गुलाब को घर वालों के हवाले कर वह तो लौट गई अपने शहर.. कमरे मैं घुसते ही गुलाब को देखते ही आँखों में अजीब सा सूनापन घिर आता.. कांटो की चुभन साँसों में भर, दिल के भीतर एंठ्ती  ...जो ना किसी के साथ बाँट कर कम होती और न ही भीतर दफ़न होती ... रोज उन्हे देखा ...किस तरह एक-एक कली फूल बनी और धीरे - धीरे पंखुड़ी गहरी होने लगी, अपने में सिकुड़ने लगी ...खिड़की से झांकती धुप उन्हे सुखा रही थी, पर्दा खींचने से सोते से जागती नाज़ुक हवा अनजाने में ही उन्हे फूल से अलग कर देती .. रोज़ सुबह पंखुड़ियां टीक फ्लोर पर ऐसे चमकती जैसे आने वालों के स्वागत में बिछी हों .. जब भी उन्हे उठा आँगन की मिटटी के हवाले किया ऐसा लगता जैसे दोनों के लिए देखे सपनों पर मिट्टी डाल रही हो ... सपने देखने वालों में बहुत लोग थे... विश्व के कोने - कोने में...पर उन्हे फ्लोर से उठा मिट्टी के हवाले करने को वो अकेली थी ...
फूलों पर गिनी- चुनी पंखुड़ी रह गई .. उन्हे मटमैले पानी से निकाला और आँखे फाड़, मुह पर हाथ रख एक कदम पीछे हट गई ... गुलाब कि हर टहनी से नन्ही - नन्ही हरे रंग कि चमकदार नरम पत्तियां फूट आई थी उन पत्तियों में एक भी काँटा नहीं था... प्रक्रति, स्रष्टि और भगवान् भी उन दोनों के लिए सपने देखने से नहीं चूके...

उसकी भरी आँखे देख रही है समय के उस पार, एक अंतराल, एक काल चक्र... आँगन कि कली जो हवा में बिखरी पचास गुलाब की सज्जनता, सहीष्णुता, अधीरता, और चाह अभी देख ना सकी.. एक दिन वो उम्र कि सीढ़ी पार कर जब सफेद बालो में रंग लगाएगी... पचास गुलाब की खुशबू उसे काँटों सहित याद आएगी ...

Thursday, 19 November 2009

तड़ाक की आवाज़ सारे गावं पर बिजली की तरह गिरी....



गोरा चिट्टा रंग, लंबी काठी, गुलाब की पंखुड़ी जैसे होंठ, दिए की लौ जैसी आँखें, कमर से नीचे तक लम्बे बाल.... कोई उसका नाम जाने बगैर बता सकता था परमजीत कौर यूपी के ज़मींदार परिवार से नहीं बल्कि, अमृतसर के गुरुनानक ट्रांसपोर्ट कम्पनी के मालिक की बेटी है. पैदा भले ही अमृतसर में हुई थी पर पली- बढ़ी अफ्रीका में, पिता कि गुरुनानक ट्रांसपोर्ट कम्पनी भारत कि सड़कों को छोड़ अफ्रीका की सड़कों पर दौड़ने लगी थी... गुरुनानक ट्रांसपोर्ट कम्पनी के पास पचपन ट्रक, साठ ड्राइवर और आठ लोग दफ्तर में काम करते थे ... घर मैं तीन नौकर थे उनके बच्चों के साथ वह कंचे खेला करती थी... घर में अनाज, चीनी, आलू, प्याज बोरियों में और सब्जी फल टोकरों के हिसाब से आते थे... आठ भाई बहनों में वह सबसे बड़ी थी...

सोलहवें साल में कदम रखा ही था मां को उसकी भरी छाती और गिलहरी जैसी कूद- फांद बिलकुल ना भाती थी...उन दिनों सिख लड़कों का अफ्रीका में बड़ा अकाल था ...पंजाब से एक बुलाया भी था जिसने आते ही घोटाला किया और ट्रक का आधा माल हड़प लिया. ...यू पी का ओमकार वहीं पर काम करता था ट्रांसपोर्ट कम्पनी का हिसाब - किताब संभालता था- निहायत ईमानदार और कर्मठ और उसके पिता सरदार सुरजीत सिंह का विश्वासपात्र. ओमकार का ब्याह सोलह साल की उम्र में हो गया था और गौने से पहले ही वह कॉलेज पूरा कर उन्नीस साल की उम्र में रोज़ी रोटी कि तलाश में अफ्रीका पहुँच गया... पहले छः सालों में वह दो बार पत्नी को लाने अपनी ससुराल गया किन्तु उसने ओमकार के साथ अफ्रीका आने से साफ़ इनकार कर दिया क्योंकि परदेस में पति का तो धर्म भ्रष्ट हो चुका था वह अपने देश और माता - पिता के घर में अपना धर्म सुरक्षित रखना चाहती थी... ओमकार ने अब पत्नी से सभी उम्मीद छोड़ दी थी और अपने को अकेला मान लिया था और पिछले पांच वर्ष से वह घर नहीं गया था... सरदार सुरजीत सिंह को ओमकार की नीयत और शराफत पर बड़ा यकीन था. उन्हें मालूम था कि सब छड़े आदमी तो इधर -उधर मुह मारते रहते हैं किन्तु ओमकार ऐसा नहीं था... तभी तो उन्हे परमजीत कौर का लगन उससे उम्र में पंद्रह साल बड़े ओमकार से करने में उन्हे कोई संकोच नहीं हुआ .... माँ को तो वैसे भी वो एक आँख ना सुहाती थी... शनील का सुनहरा गोटा लगा सलवार कमीज़, सिल्क का जरीदार दुपट्टा और सुहाग का लाल चूडा पहन कर परमजीत भी बहुत खुश थी, कम से कम माँ की डांट और गालियों से तो छूटकारा मिलेगा... पर बाउजी ...वो तो उसे बहुत प्यार करते हैं... ओमकार ने लगन मंडप अपने हाथों से, परमजीत के आँगन में खुद तैयार किया था... वहीं पर खिड़की से परमजीत ने ओमकार को पहली बार देखा था उसे वो भला लगा था... ओमकार ने जब सुहागरात को परमजीत को ठीक से देखा तो एकटक देखता रह गया... वह पलंग पर बैठी गोटियाँ खेल रही थी और गोटियों के उछलने के साथ उसकी आखें ऊपर नीचे इस तरह हो रही थी जैसे अंधरे में लालटेन हिलती है उसे देखते ही परमजीत ने गोटियों को तकिये के नीचे छुपा दिया और वह माथे से खिसक आया टीका ठीक करने लगी और हडबडाहट में बिस्तर से उतर मेज़ से चाकू उठा कर बोली "तुस्सी सेब खावोगे ... " वो चाकू उसके हाथ में बंधे कलीचड़े खोलने के काम आया था... कलाई पकड़ते ही स्पर्श कि गुदगुदी से इतना हंस और हिल रही थी उसे डर था कहीं उसे चाकू ना चुभ जाए.. रात गहरी होने के साथ -साथ .. ज्यों ज्यों नजदीकियों की पकड़ मजबूत होती गई उसकी हँसी मंदी होती गई ...

ओमकार ने सरदारजी की नौकरी छोड़ रेलवे में नौकरी ले ली... वो रेलवे क्वाटर में रहने लगे कभी मुम्बासा, तो कभी गिलगिल तो कभी...कम्पाला .. एक दिन जब वो घर लौटा तो वह पेड़ पर चढ़ी पड़ोस के बच्चों के साथ नाशपाती तौड़ रही थी... उसे बहुत डांट पड़ी, ओमकार ने उसपर घर से बाहर निकलने के लिए प्रतिबन्ध लगा दिया .... कई बार जब वह जल्दी घर लौटता, दबे पाँव छत पर चढ़, चुपचाप देखता वह क्या कर रही है कभी वह पड़ोस में जाती तो पीछे - पीछे उसे बुलाने पहुँच जाता....शाम को आकर वह रोज पूछता वह कहाँ -कहाँ गई और क्यों गई ... परमजीत को लगता ओमकार घर से निकलने के बाद भी अपनी आँखे घर छोड़ जाता है जो उसका हर समय पीछा करती हैं बाईस साल कि उम्र में वह चार बच्चों कि माँ बन गई उसकी गिलहरी वाली चाल कब में गुम हो गई उसे खुद को पता ना चला लेकिन उसके गालों की लाली और आँखों में मासूमियत उसी तरह बरकरार रही...

ओमकार का परिवार ईदी अमीन के कहर से बच अपने महाद्वीप, देश, गाँव, घर और घेर लौट आये ...तब उन्हे नहीं मालूम था कुटुंब का कहर उनका इंतज़ार कर रहा है परमजीत ने धीरे - धीरे वो सभी काम सीख लिए थे जो उसने दो बीघा ज़मीन और मदर इंडिया में औरतों को करते देखा था, वह सुबह चार बजे उठती, गावं कि औरतों के साथ लोटे में पानी लेकर अँधेरे में जंगल जाती, लौट कर चक्की पर गेहूं और चने पीसती, दही बिलों कर मक्खन निकालती, घर और आँगन बुहारती, गोबर हटा बैल और गाय को चारा देती, हैण्ड पम्प से पानी खींच कर भरती, नौकरों के लिए मिस्सी रोटी, बच्चों के लिए परांठे चूल्हे पर बनाती, फिर पानी गर्म कर, बच्चों को नहला- धुला कर स्कूल भेजती. फिर बिटोडे पर गोबर भी पाथने जाती....खेत पर कभी वह रोटी देने नहीं गई, ओमकार अक्सर सवेरे ही साथ ले जाया करता था, रेलवे कि नौकरी में रोज टिफिन ले जाने कि उसकी आदत यहाँ भी बरकरार रही...

दोपहर में यदि वो थक - थका कर लेट जाती तो जेठानी कभी चारा काटने कि मशीन चालू कर देती या रेडियो उंचा सुनने लगती, शाम को वह खाना बनाने बैठती तो जेठानी छाछ को उछाल - उछाल कर गेहूं और दालें साफ़ करने लगती और वह भिगोना और परात को उड़ती धुल से बचाने कि कोशिश में जुट जाती... जेठानी खाना अलग बनाती क्योंकि जब कभी ओमकार शहर जाता बच्चों के लिए अंडे लाता जिन्हें वह उबाल कर बच्चों को दिया करती थी ... वह कितना भी अंडे के छिलके छुपा ले किन्तु वो सफ़ेद दुकड़े जेठानी की नज़रों को ढूंढ लेते थे ... वो आस -पड़ोस की औरतों के लिए कभी अंडे के छिलके मुर्गी की हड्डी तो कभी गाय की हड्डी बन जाते... गाँव के बड़े- बूढे, नौजवान, ब्याही, बिन ब्याही औरतें, मेहमान और बच्चे सभी में वह " पंजाबन " के नाम से जानी जाती... यहाँ तक कि उसके चारों बच्चों के नाम भी एक हो गए वे स्कूल और स्कूल से बाहर वो चारों " पंजाबन के" कहलाने लगे ... क्योंकि वह गावं वालों से अच्छा पहनते थे... अच्छा खाते थे इसलिए वह "पंजाबन के" भी ज्यादा कहलाते थे...


जेठ को उसका पका खाना बहुत पसंद था कभी बेंगन का भरता, भरवा टिंडे, भुनी भिन्डी, दम आलू, घिया के कोफ्ते, पालक का साग, आलू- बड़ी, मसाला चना, गाजर-मेथी, खीरे का रायता, पुलाव और रोज नयी दाल, अक्सर वो बच्चों को भेज कर दाल और सब्जी मगाते और जेठानी को कोसते " कुछ सीख ले बहू से... आलू टमाटर का घोल बनाते - खिलाते जी ना भरा तेरा.. " दीवाली पर एक बार परमजीत की देखा देखी जेठानी ने भी गुलाब जामुन बनाये जब वह मुह में अखरोट तरह चबे तो सवेरे गाय को खिलाने के काम आये .. परमजीत ने जो कटोरदान भर बच्चों के हाथ भिजवाये थे उन्हे जेठानी ने अपने हाथ के बने कह कर जेठ को खिलाये ....

परमजीत अब सिर्फ सूती साड़ी पहनती थी, जिसे ओमकार दिवाली और होली पर लाकर देता, रेशमी सलवार कमीज़ बक्से में बंद हो गए, हर साल बरसात के बाद उन्हे बक्से से निकाल कर धूप में सुखाती, जेठानी हमेशा सलाह देती दे-दिवा क्यों नहीं देती? क्या करेगी इन्हें संगवा कर? जेठानी की लड़कियों के बड़े हो जाने पर परमजीत ने अपने सलवार कमीज़ उन्हे पहने को दे दिए... परमजीत घर से बहुत कम निकलती थी, जब कभी वह पहन ओढ़ कर बाहर निकलती तो घेर, दालान, हुक्का, छतें, सडकें, कुँए, खेत, टोकरे, पेड़, बैलगाड़ी, ट्रेक्टर, हरियाली, कबूतर उसे पीछे मुड़ - मुड़ कर देखते..

पड़ोस में कुनबे में लड़के की शादी हुई है, दोपहर से ढोलक और गीत गाने की आवाज़ आ रही है... वह घर का काम निपटा कर बनारसी साड़ी पहन कर तैयार हुई, बालों को बाँध कर जूड़ा बनाया, हाथ के नाखूनो में पिन से खुरच कर राख और मिट्टी निकाली, फटे पैरों कि एड़ियाँ रग ड़ी और नाखूनों पर नेल पालिश लगाईं, गले में मां का दिया सोने का हार और कानो में सास की दी हुई झुमकियाँ पहनी , लाल रंग का कश्मीरी कढाई का शाल खोल कर कधों पर डाल लिया.. छः साल की बेटी को नयी फ्रॉक पहनाई, उसकी दो चोटी बना गुलाबी रिबन बाँध दिया.. उसकी अंगुली पकड़ वह ढोलक की थाप की और मुड़ ली .... आँगन खचाखच भरा था .... दुल्हा - दुल्हन कंगना खेल चुके थे ....उनके आगे रखी परात में दूध और उस पर दूब तैर रही थी ... वह बेटी का हाथ पकड़े... बैठी औरतों के बीच दरी का टुकडा ढूंढ पाँव बचा - बचा कर रख रही ... शगुन देने के लिए धीरे - धीरे दुल्हन की और बढ़ रही थी... ढोलक और चम्मच की थाप पर औरतें बधाई गा रही थी.... जैसे ही बधाई समाप्त हुई. ढोलक कि थाप बंद हुई ... " आ गई तू पंजाबन... " उसने पीछे से सुना ... कुछ औरतें हे हे करके हंसने लगी.... परमजीत पीछे मुड़ी और आँगन में तड़ाक की आवाज़ गूंज गई ...और एक मुर्दाई खामोशी छा गई ... जिसको परमजीत की आवाज़ ने तोड़ा ...वो औरतों कि तरफ इशारा कर बोली .. बन्ना गाओ ...चुप क्यों हो गई .... ढोलक फिर से शुरू हो गई और गाना भी ... बन्ने तेरी दुल्हन चाँद सी रे ..... और सभी ने साथ आवाज़ मिलाई ...

परमजीत दुल्हन का घूंघट हटा मुंह देख, शगुन देकर उसके पास बैठ गई और सभी के साथ मिलकर गाने लगी- बन्ने तेरी दुल्हन चाँद सी रे... उसे अपना दुल्हन वाला चेहरा याद आया, गोटियाँ याद आई, चाक़ू याद आया, वह अपने आप से शर्मा गई ....उसके गरम खून कि लाली उसके गालों पर दमकने लगी ...
तड़ाक की आवाज़ सारे गावं पर बिजली की तरह गिरी और उस दिन के बाद किसी ने उसे पंजाबन और उसके बच्चों को पंजाबन का नहीं कहा ..
 
पेंटिंग - गूगल सर्च इंजन से   

Thursday, 5 November 2009

कहीं तुम उन्हे मसीहा और दोस्त ना समझ लो....




कैसी हो? जब कोई अचानक बस इतना सा पूछ बैठे तो कई बार ऐसा क्यों होता हैं ऐसे सरल प्रश्न का उत्तर "ठीक हूँ" कहने के बाद भी वो जान लेते हैं कुछ भी ठीक नहीं है वो  सब कुछ जो तुमने नहीं कहा, उन्होंने सुन लिया .... उन्हें तुम्हारे आस-पास उड़ता धुँआ तुमसे भी अधिक साफ़ दीखता है... उस "ठीक हूँ" में उन्हें एक ही वेवलेंथ पर सिग्नल टकराने की संभावना दिखाई देती है... उनके पूछने के ढंग में ऐसा क्या है कि " कैसी हो" सुनते ही मन और आत्मा अपनी जगह से उछल कर हवा में तैरने लगते हैं और वो उन्हे बिना मुखोटे के और निर्वस्त्र देख लेते हैं .. ऐसा क्यों लगता है वह तुम्हारे साथ डिब्बे में सफ़र करना चाहते हैं, खिड़की वाली सीट तुम्हें दे तुम्हारी किताब मांग कर पढ़ना चाहते हैं,... तुम्हारे पाँव की यात्रा कि लम्बाई जानना चाहते हैं... तुम्हारे दर्द की गठरी खुलवा उसमें मुसे पड़े दर्द को इस्त्री कर, जिससे की वो दिल और आँखों को कम से कम चुभे, करीने से लगाना चाहते हैं , .... वो धरकनो के पन्ने पलट, प्यार में मिले जिंदा पलों कि खुशबू सुंघ और उसमे मिले आंसू को गिन तुम्हे पाब्लो नरूदा की कविता सुना, प्यार में खोया विशवास लौटाना चाहते हैं ...वो तुम्हारे नैन- नक्ष पर फितरे कस माथे के बलों की जगह तुम्हारे चेहरे पर हंसी की खेती करना चाहते हैं ... वो तुमसे तुम्हारे गुनाह उगलवा उन्हें तराजू में रख तुम्हारा पलड़ा अपने से हल्का बता डंडी मारना चाहते हैं... वो तुम्हारे बचपन में लगी चोट के निशाँ की कहानी कोरी किताबों के पन्नो को सुनना चाहते हैं ... वो जिन्दगी और दुनिया से मिली ठोकरों का बेंक बेलेंस जानकार तुम्हारा अकाउंट खाली करना चाहते हैं... वो गुमी खुशियों कि चाबी ढूढना छोड़ तुम्हारे अंतर्मन का ताला पतझड़ और पर्वतों से तोड़ना चाहते हैं... वो सपनो की ताबीर को नींद से बाहर निकाल तारों से उनकी सिफारिश करना चाहते हैं... वो तुम्हे घर की खिड़की से सुरज कि दस्तक और चांद की चाशनी चखाना चाहते हैं ... वो तुम्हारी जिंदगी में हवा के झोंके कि तरह आकर, शाम की घूप की तरह सिमटना चाहते हैं वो तुम्हारे खामोशी को सरगम दे तुम्हारा साज़ बनना चाहते हैं, वो तुम्हारा आकाश ढूंड, वहां पर लिखा तुम्हारा नाम  पढ़वा उसका कोना तुम्हारी अंगुली से बाँधना चाहते हैं वो दराज और सपनो में कैद कुलबुलाहट को पंखो में बदलने का नुस्खा तुमसे बाँटना चाहते हैं ...

कहीं तुम उन्हे मसीहा और दोस्त ना समझ लो, उनके दिए-लिए पर अपना हक़ ना मान लो ... वो तुम्हे ढूंढ कर तुम्हे वापस लौटा, रूमी और हाफिज़ को तुम्हारा सगा बना, वर्तमान और भविष्य को तुम्हारे हवाले कर, मुस्कुराते हुए तुमसे विदा ले, तुमसे दूर जाना चाहते हैं ...

foto - flickr.com